Sambhal: लेखपाल से मारपीट के बाद मातीपुर में चली जेसीबी, फसल नष्ट- मकान ध्वस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/ओबरी। असमोली थाना क्षेत्र के गांव मातीपुर में तालाब की भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर ग्राम प्रधान पति और हल्का लेखपाल के बीच हुए विवाद के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी चलवाकर सरकारी भूमि पर कब्जा कर उगाई गई बरसीम और सरसों की फसल को नष्ट करा दिया। वहीं तालाब की भूमि पर कब्जा कर बनाए गए मकान के हिस्से को भी ध्वस्त कर दिया गया। लेखपाल की तहरीर पर ग्राम प्रधान पति सहित 4 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मातीपुर गांव में तालाब की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत के बाद 31 दिसंबर को लेखपाल सुभाष चंद्र ने जमीन की पैमाइश कर अवैध कब्जों को चिन्हित किया था। उस दौरान ग्राम प्रधान पति गजराम ने पैमाइश का विरोध किया और नाप रुकवा दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। लेखपाल का कहना है कि शुक्रवार को वह मनोटा पुल पर थे तभी ग्राम प्रधान पति गजराम ने चार अन्य लोगों के साथ मिलकर उस पर हमला कर धारदार हथियार के वार से घायल करने के साथ ही अभिलेख भी फाड़ दिये।

 लेखपाल ने तहसीलदार व अन्य अधिकारियों को हमले की जानकारी दी तो मातीपुर गांव में सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्लान तैयार कर तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह, असमोली सीओ कुलदीप सिंह, नायब तहसीलदार, हल्का लेखपाल पुलिस बल के साथ मातीपुर धकतौड़ा गांव पहुंच गए। गांव में गाटा संख्या 614, रकबा 0.464 हेक्टेयर भूमि पर ग्राम प्रधान पति गजराम व नन्हें आदि के द्वारा किए गए कब्जे को बुलडोजर कार्रवाई का हटाया गया। इस भूमि पर उगाई गई बरसीम और सरसों की फसल को बुलडोजर से नष्ट कर दिया गया।


तालाब व कब्रिस्तान पर किया गया निर्माण ध्वस्त
मातीपुर धकतोड़ा गांव की आबादी के बीच स्थित तालाब की गाटा संख्या 680 की भूमि पर अवैध कब्जा कर जाकिर, सादिक और अनीस समेत तीन लोगों द्वारा मकान बनाए गए थे। प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने पहले नाप तौल कर अतिक्रमण चिन्हित करते हुए कब्जाधारियों को नोटिस जारी किए थे, लेकिन कब्जा न हटाने पर शुक्रवार को बुलडोजर कार्रवाई की गई। पुलिस बल की मौजूदगी में तालाब की भूमि को चिन्हित कर अतिक्रमण हटाया गया। इसके अलावा कब्रिस्तान के पास तालाब को पाटकर बनाए गए मुनीसा पत्नी अनीस के मकान की चारदीवारी को देर शाम बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया।

प्रधान पति सहित 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
असमोली, अमृत विचार: असमोली थाना पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर ग्राम प्रधान पति सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। लेखपाल सुभाष चंद्र की तहरीर पर दर्ज किये गये मुकदमे में कहा गया है कि तालाब की भूमि की पैमाइश के लिए गये तो ग्राम प्रधान पति गजराम की सहमति से भूमाफिया किस्म के नन्हें, इकरार, फुरकान, आरिफ व अरकान द्वारा फसल बोकर अवैध कब्जा करने की बात सामने आई। अवैध कब्जा चिन्हित करने से नाराज इन लोगों ने शुक्रवार को मनोटा पुल पर उस पर हमला कर दिया। सीओ असमोली कुलदीप सिंह ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार