Bareilly: फरीदपुर ले जाया गया दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर, अंतिम यात्रा में उमड़ा हुजूम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी के निधन के बाद उनके चाहनों वालों में शोक की लहर है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उनका पार्थिव शरीर शक्तिनगर स्थित आवास से फरीदपुर विधायक कार्यालय ले जाया गया। इस बीच अंतिम यात्रा में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। उनका आखिरी काफिला जहां से भी गुजरा हर किसी की आंख नम हो गई। 

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 10:45 बजे शक्तिनगर आवास पर उनके अंतिम दर्शन को पहुंचे थे। यहां उन्होंने परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक के लिए एक्स पर भी श्रद्धांजलि संदेश लिखा। आखिरी दर्शन के बाद मुख्यमंत्री रवाना हो गए। इसके बाद तमाम लोग शक्तिनगर स्थित आवास पर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना को आते रहे।

दोपहर को फूलों से सजे वाहन में उनका पार्थिव शरीर रखा गया। शक्तिनगर कॉलोनी से फरीदपुर स्थित विधायक कार्यालय के लिए रवाना किया। उनके पार्थिव शरीर को भाजपा के झंडे में लपेटा गया था। हर कोई विधायक के आकस्मिक निधन से स्तब्ध है। भाजपा कार्यकर्ता और नेता जगह-जगह नम आंखों के साथ उनको अंतिम विदाई देने के लिए खड़े रहे। विधायक कार्यालय पहुंचने के बाद यहां पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था।

संबंधित समाचार