अयोध्या में अवैध खनन पर सख्ती, खान निरीक्षक पाठक चंद्रशेखर रामानुज निलंबित
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार ने अयोध्या में तैनात खान निरीक्षक पाठक चन्द्रशेखर रामानुज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान उन्हें मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध किया गया है। उन पर अवैध खनन और अवैध परिवहन मामलों में लापरवाही बरतने के आरोप लगे थे। सख्त रुख अपनाते हुए शासन द्वारा यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।
भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उप्र. की सचिव एवं निदेशक माला श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि खान निरीक्षक द्वारा अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और उदासीनता बरती गई। साथ ही, उप खनिजों के अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने में वे विफल पाए गए।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी भी स्तर पर कोई अधिकारी या कर्मचारी उप खनिजों के अवैध खनन अथवा परिवहन में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निदेशक ने स्पष्ट किया कि विभागीय स्तर पर निगरानी को और अधिक सख्त किया जा रहा है, ताकि अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके और सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।
