Moradabad: शीतलहर और घने कोहरे ने बढ़ाई कंपकंपी , जमीन तक नहीं पहुंची धूप की किरणें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार को दिन भर सूरज की किरणें जमीन तक नहीं पहुंच सकीं। आसमान में बादलों और धुंध की चादर छाई रही, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया। पछुआ हवा के चलने से गलन भरी ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से लेकर शाम तक सर्द हवाओं के चलते लोग कंपकंपाते नजर आए।

बाहर निकले लोगों ने खुद को गर्म कपड़ों, टोपी, मफलर और दस्तानों से ढककर ठंड से बचाव किया। सड़कों के किनारे जगह-जगह जले अलाव लोगों के लिए राहत बने रहे। अलाव के आसपास राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। ठंड के कारण सामान्य दिनों की तुलना में दोपहर तक शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में भी चहल-पहल कम दिखी और अधिकांश लोग घरों में ही कैद रहे। ठंड से बचने के लिए लोगों ने घरों में हीटर, ब्लोअर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सहारा लिया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में ठंड का असर इसी तरह बने रहने की संभावना है।

सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर हो रहे हिमपात का असर मैदानी इलाकों में साफ नजर आ रहा है। इसी वजह से जिले में गलनभरी ठंड का प्रकोप बढ़ा हुआ है। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के कस्बों और ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है। खुले में काम करने वाले मजदूरों, रिक्शा चालकों और ठेले वालों के लिए ठंड बड़ी चुनौती बनी हुई है। प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था की गई है, जिससे जरूरतमंद लोगों को कुछ राहत मिल सके।

वाहन चालकों को हुई दिक्कत
कोहरे और धुंध के कहर ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत वाहन चालकों को उठानी पड़ी। सुबह और देर शाम सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को बेहद सावधानी से वाहन चलाना पड़ा। कई जगहों पर वाहन रेंगते नजर आए। नगर निगम की ओर से शाम को स्पीकरों के माध्यम से अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों से फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और धीमी गति से चलने की सलाह दी जा रही है।

संबंधित समाचार