सीएम योगी से मिलने की जिद पर महिला ने किया हंगामा, गौतमपल्ली पुलिस ने पकड़कर आगरा पुलिस को सौंपा
लखनऊ, अमृत विचार: विक्रमादित्य मार्ग पर शुक्रवार शाम महिला ने जमकर हंगामा किया। पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ा तो मुख्यमंत्री से मिलने की जिद कर करते हुए महिला पुलिस से भिड़ने लगी। पुलिस किसी तरह उसे गौतमपल्ली थाने लेकर पहुंची। पुलिस ने आगरा पुलिस से संपर्क कर उसे समझा बुझाकर वहीं भेज दिया।
एसीपी हजरतगंज विकास कुमार जायसवाल ने बताया कि पूछताछ में महिला ने अपना नाम आगरा के ट्रांस गंगा सिटी इलाके के डी-ब्लाक कालिंदी विहार निवासी सरजू यादव पत्नी त्रिभुवन सिंह बताया। उसने वर्ष 2024 में ट्रांस गंगा सिटी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस जांच कर रही थी। करीब तीन माह पूर्व वह थाने पहुंची। इंस्पेक्टर से उसने कहा कि उसने डकैती की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। इंस्पेक्टर उक्त धारा को चोरी में बदल चुके थे। उन्होंने जांच कराई तो पता चला कि चोरी का मामला था और उसमें फाइनल रिपोर्ट लग चुकी है। इसके बाद सूरज वहां हंगामा करने लगी। महिला दरोगा ने समझाने की कोशिश की तो उससे मारपीट की। सूरज को शांति भंग में जेल भेज दिया गया था। इसके बाद वह शुक्रवार शाम गौतमपल्ली में विक्रमादित्य मार्ग पर पहुंची। वहां हंगामा करने लगी। महिला पुलिस कर्मियों ने पकड़ा थाने ले गई। समझा बुझाकर आगरा पुलिस को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया गया।
