Bareilly: जलभराव ने छीना सुकून, अब संपवेल से समाधान की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जोगी नवादा में बड़ा कब्रिस्तान के पास लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नगर आयुक्त संजीव कुमार ने अमृत विचार में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए जलकल विभाग की टीम को मौके पर भेजकर समस्या के कारणों की जांच कराई, जिसमें पता चला कि कब्रिस्तान के पास बने नाले का पानी पहले एक प्लाट में जाता था। प्लाट का पटान होने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है और नाला ओवरफ्लो होने से पानी सड़क और आसपास की बस्तियों में फैलने लगा है।

इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए संपवेल बनाए जाने की योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए आसपास खाली जमीन तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जरूरत पड़ी तो किसी व्यक्ति से किराये पर भी जमीन लेकर संपवेल का निर्माण कराया जाएगा। जोगी नवादा में कब्रिस्तान के पास मुख्य सड़क की स्थिति बद से बदतर हालात में है। सड़क पर कीचड़, फिसलन और गंदे पानी की बदबू ने लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल है। स्कूली बच्चे रोजाना फिसलते हुए स्कूल जाने को मजबूर हैं। 

बुजुर्ग और महिलाएं हादसे के डर से बाहर निकलने से कतराते हैं। वाहन चालकों के लिए यह रास्ता किसी चुनौती से कम नहीं है। आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं का पहुंचना भी बेहद कठिन हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में नाला ओवरफ्लो होने से हालात और भयावह हो जाते हैं और गंदा पानी गलियों से होता हुआ घरों में तक घुस जाता है। हालांकि संपवेल के निर्माण में समय लगेगा, ऐसे में तब तक जोगी नवादा के लोगों को इस बदहाली के बीच ही इंतजार करना पड़ेगा।

 

संबंधित समाचार