Moradabad: आदेश बेअसर...बीएसए के आदेश पर भारी निलंबित खंड शिक्षाधिकारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। कंपोजिट विद्यालय गंज गांधी पार्क के दो कमरों पर एक साल से ताला जड़ा है। जिससे इन दोनों बंद कक्षों का उपयोग विद्यालय व छात्रहित में नहीं हो पा रहा है। इसके उपयोग का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का आदेश भी बेअसर साबित हो रहा है। पूर्व नगर शिक्षाधिकारी वंदना के द्वारा ताला बंद किया गया था। जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा था। अभिभावकों में रोष व्याप्त है।
कंपोजिट विद्यालय के दो कक्षों में पूर्व नगर शिक्षाधिकारी वंदना सैनी (वर्तमान में निलंबित) के द्वारा ताला बंद किया गया है। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के चलते कंपोजिट विद्यालय गंज गांधी पार्क के प्रधानाध्यापक राहुल शर्मा ने बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कमरा खोलकर शिक्षण कार्य में लेने के लिए मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कई बार पत्र लिखा। जिसके क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार ने 15 नवंबर 2025 को आदेश दिया कि इनका उपयोग विद्यालय हित में किया जाए।
लेकिन आदेश दो महीने बाद भी बेअसर है। वर्तमान खंड शिक्षाधिकारी वेगीश गोयल ने बीएसए के जारी आदेश के बाद भी पूर्व खंड शिक्षाधिकारी द्वारा बंद कमरों की चाभी न देने के चलते जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर बताया कि पूर्व खंड शिक्षाधिकारी ने अभी तक इन बंद कमरों की चाभी उपलब्ध नहीं कराई। जिसे देखते हुए उन्होंने 11 दिसंबर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति की जानकारी दी। साथ ही बंद कमरों का ताला तोड़ने और उसमें रखी सामग्री की सूची बनाने के लिए और कमरों को उपयोग में लेने के लिए कमेटी बनाने का आग्रह किया। लेकिन अभी इस पर भी कोई आदेश बीएसए ने नहीं दिया।
