Bareilly: लिंक पर क्लिक करते ही खाते से कट गए 13 लाख, साइबर ठगों ने पीपीओ खाता अपडेट करने को कहा था
बरेली, अमृत विचार। साइबर ठगों ने कॉल करके पीपीओ खाता अपडेट करने के लिए कहा। युवक ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया उसके बाद उसके खाते से 13 लाख रुपये कट गए। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी निवासी कुशपाल सिंह ने बताया कि 5 जनवरी को उनके पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उनका पीपीओ खाता अपडेट करना है। इसके बाद कॉल करने वाले ने उनका और उनकी पत्नी का आधार नंबर, बचत खाता संख्या बताकर व्हाट्सएप पर एक लिंक भेज कर उसे खोलने के लिए मैसेज किया।
पीड़ित ने बताया कि लिंक को खोला तो वह एपीके फाइल थी। उसे खोलने के बाद खाता हैक हो गया। इसके बाद उसके खाते से 13 लाख 34 हजार रुपये कट गए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लिंक को खोलते ही खाते से कट गए 6 लाख रुपये
फेसबुक पर पेंशन संबंधी विज्ञापन देखकर एक शख्स ने उस पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उसके अलग-अलग खातों से चार बार में 6 लाख रुपये से अधिक कट गए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के प्रगति नगर निवासी हरिओम कौशल ने बताया कि 11 जनवरी को उन्होंने फेसबुक पर विज्ञापन देखा था।
विज्ञापन पेंशन रिटायर कार्ड बनवाने के संबंध में था। विज्ञापन के नीचे लिंक था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक नंबर से कॉल आई। इसके बाद उसने ऑनलाइन विवरण भरने को कहा, जिस पर वह उसके बताए तरीके से विवरण भरता रहा। विवरण भरते ही उसके खातो से चार बार में कुल 6 लाख 4 हजार रुपये कट गए। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
