अटल खेल महोत्सव की तैयारी शुरू, 31 जनवरी और 1 फरवरी को होंगी विभिन्न खेल स्पर्धाएं

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : क्रीड़ा भारती लखनऊ महानगर शाखा की देखरेख में आयोजित होने वाले अटल खेल महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह महोत्सव 31 जनवरी और 1 फरवरी को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं कराई जाएंगी।

शनिवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित पत्रकार वार्ता में लखनऊ महानगर क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने बताया कि क्रीड़ा भारती का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं है, बल्कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ समाज, राष्ट्र निर्माण और युवा चरित्र निर्माण को सशक्त करना भी है। उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण क्रीड़ा भारती उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट www.kreedabharatiup.org पर शुरू हो चुके हैं। वहीं ऑफलाइन पंजीकरण 27 और 28 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया जा सकेगा।

अटल लखनऊ खेल महोत्सव के अंतर्गत फुटबॉल, रस्साकशी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो के साथ-साथ रन फॉर राम का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर अटल रन की टीशर्ट का अनावरण भी किया गया। पत्रकार वार्ता में क्रीड़ा भारती लखनऊ महानगर के उपाध्यक्ष तुषार सिन्हा, मंत्री रितेश द्विवेदी, कोषाध्यक्ष आकांक्षा रस्तोगी, क्रीड़ा भारती अवध प्रांत के अध्यक्ष गोविंद पांडेय, मंत्री शिवांक रमन और सहमंत्री अनुज कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार