Bareilly: बूथों पर आज बनाए जाएंगे नए मतदाता, बीएलओ पढ़कर सुनाएंगे मतदाता सूची
बरेली, अमृत विचार। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के द्वितीय चरण में 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं के वोट बनवाने के लिए रविवार को मिशन मोड पर सभी बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी बूथों पर बीएलओ मतदाता सूची एवं अप्राप्त श्रेणी में चिह्नित किए मतदाताओं की सूची पढ़कर सुनाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 18 जनवरी (रविवार) को मिशन मोड पर प्रत्येक बूथ पर आलेख्य मतदाता सूची एवं अप्राप्त श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं की सूची को पढ़कर सुनाया जाए। इसके साथ अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियां उपलब्ध रहेंगी, ताकि मतदाता अपनी प्रविष्टियों का सत्यापन कर सकें।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने निर्देश दिये कि इसके लिए जनपद में समस्त बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी निर्धारित समय से उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से सम्पन्न हो सके। आमजन से कहा है कि सभी अपने बूथ पर पूर्वाह्न 11 बजे से सायं 4 बजे तक आलेख मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। बूथ लेवल अधिकारियों के पास 6 जनवरी को प्रकाशित आलेख मतदाता सूची, गणना अवधि के दौरान अप्राप्त श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची भी रहेगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए दावे एवं आपत्तियों से संबंधित फार्म 6 (घोषणा-पत्र सहित), फार्म 6 ए, फार्म 7 एवं फार्म 8 (घोषणा-पत्र सहित) पर्याप्त मात्रा में सभी बूथों पर उपलब्ध रहेंगे। डीएम ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मौके पर उपस्थित होकर नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन से संबंधित आवेदन निर्धारित प्रपत्रों पर प्रस्तुत करें।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि समस्त बूथों पर निर्धारित कार्यवाही पूर्ण रूप से सम्पन्न हो सके। बूथ लेवल अधिकारियों के सहयोग के लिए आवश्यकतानुसार अन्य कार्मिकों की भी ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। बुक ए कॉल विथ बीएलओ से संबंधित प्रकरण किसी भी दिशा में 48 घंटे से अधिक लंबित न रहे। यह भी सुनिश्चित करें कि बूथ लेवल अधिकारी प्रयास करके मतदाता से बात अवश्य करें। डीएम ने बताया कि आलेख मतदाता सूची में शामिल न होने वाले मतदाताओं में मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित और दोहरी प्रविष्ट के नामों को पढ़कर सुनाया जाएगा।
