UP: पुल बंद होने से जान जोखिम में डाल कोसी नदी पार कर रहे बाइक सवार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दढ़ियाल, अमृत विचार। शनिवार आधी रात से मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर कोसी नदी पर बना पुल मरम्मत के चलते 10 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। सेतु निगम द्वारा बिना वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए पुल बंद करने के कारण बाइक सवारों को कोसी नदी की धार से होकर गुजरना पड़ रहा है। जिस कारण उन की जान को भी खतरा हो सकता है।

यह पुल लगभग 50 साल पुराना है और जर्जर अवस्था में है। इसके समानांतर सेतु निगम एक नया पुल बना रहा है। नए पुल के पिलर की खुदाई के दौरान पुराने पुल के नीचे की मिट्टी धंस गई, जिसके बाद पुराने पुल को बंद करने का निर्णय लिया गया। कोसी पुल पर 17 जनवरी की आधी रात से हल्के और भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह प्रतिबंध 10 दिन तक रहेगा। नैनीताल से दिल्ली जाने वाले पर्यटक अब मुरादाबाद से टांडा, दढ़ियाल से वाया चौखंडी, सुल्तानपुर पट्टी होते हुए नैनीताल जा रहे हैं।

 इसी तरह, नैनीताल से आने वाले दिल्ली जाने वाले पर्यटक बाजपुर दोराहे से मुंशीगंज से स्वार होते हुए रामपुर की ओर जा रहे हैं। हालांकि भारी वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तित किया गया है, लेकिन सेतु निगम ने बाइक सवारों के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया है। इस वजह से बाइक सवार अपनी जान जोखिम में डालकर कोसी नदी की धार से बाइक पार करने को मजबूर हैं।

रविवार को अमृत विचार के स्थानीय संवाददाता ने मौके पर जाकर देखा तो बाइक सवार कोसी नदी की धार से होकर गुजर रहे थे, जो उनकी जान के लिए खतरा हो सकता है। बड़ा सवाल यह है कि अगर किसी बाइक सवार के साथ कोई घटना हो गई तो उस घटना का जिम्मेदार आखिर कौन होगा। इस संबंध में एसडीएम टांडा राजकुमार भास्कर ने बताया कि कोसी नदी से बाइक सवार होकर गुजर रहे हैं, ऐसी जानकारी उन्हें नहीं है। जल्द पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।

संबंधित समाचार