अतिक्रमण मुक्त हुई सहारनपुर की तिब्बत मार्केट, बुलडोजर कार्रवाई से डरे दुकानदारों ने खाली की जगह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहारनपुर। सहारनपुर नगर में महत्वपूर्ण लोहानी सराय, नेहरू मार्केट स्थित तिब्बत मार्केट पर आज नगर निगम का बुलडोजर चलने से पहले ही दुकानदारों ने अपनी मर्जी से जगह खाली कर दी और आवंटित 62 फुटा रोड़ की ओर रूख कर लिया। 

नगर आयुक्त शिपू गिरि ने सोमवार को बताया कि नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के लिए पूरी तैयारी कर ली थी और रविवार को निगम की ओर से दुकानदारों को स्थान खाली करने की कड़ी चेतावनी दी थी। तिब्बत मार्केट पर 69 दुकानदारों ने नगर निगम की जगह पर अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था। इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग पर अवैध कब्जों के कारण लोगों का चलना बेहद ही मुश्किल था और अतिक्रमण के चलते लगातार बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती थी। 

प्रभावित दुकानदारों ने नगर निगम से उन्हें ना हटाने की अंतिम समय तक गुहार लगाई लेकिन महापौर डा अजय सिंह और नगर आयुक्त शिपू गिरि के कड़े रूख का असर यह हुआ कि नगर निगम को आज सख्ती दिखाने की नौबत ही नहीं आई और एक एक करके सभी दुकानदारों ने वर्षों से कब्जाई जगह को खाली करने को तैयार हो गए और बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से यह महत्वपूर्ण मार्ग अवैध कब्जाधारियों के कब्जे से मुक्त हो गया। शनिवार को नगर निगम ने सभी अवैध दुकानों पर 18 जनवरी तक खुद ही कब्जा हटाने के नोटिस उनकी दुकानों पर चस्पा किए थे। 

रविवार शाम निगम के अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा ने इस मार्केट में पहुंचकर लाउडस्पीकर के जरिए भी दुकानदारों से कब्जाई जगह छोड़ने की चेतावनी दी थी। आज सभी को आशंका थी कि दुकानदारों और नगर निगम के बीच अप्रिय टकराव सामने आ सकता है लेकिन दुकानदारों के सूझबूझ से काम लेने से इस स्थिति की नौबत ही पैदा नहीं हुई। नगरवासियों ने इस अतिक्रमण को हटवाने के लिए मेयर और नगरायुक्त दोनों का आभार जताया है।

संबंधित समाचार