लोधेश्वर महादेवा में फागुनी महाशिवरात्रि मेले को लेकर DM ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिये सख्त निर्देश
बाराबंकी, अमृत विचार। प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा में आयोजित होने वाले फागुनी महाशिवरात्रि मेले को सकुशल, सुरक्षित व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी ने प्रशासनिक अमले के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत महादेवा पुलिस चौकी परिसर में बैठक कर अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह के साथ मेला मैदान, अभरण सरोवर, बोहनिया तालाब, जलहरी कुंड सहित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया।
.png)
उन्होंने मंदिर मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुचारु पार्किंग, जर्जर विद्युत खंभों व खुले तारों को हटाने तथा 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खराब हाईमास्ट लाइटों को तत्काल ठीक कराने को कहा गया। बोहनिया तालाब व अभरण सरोवर की सफाई और नलकूप विभाग से जल भराव कराने, मेला क्षेत्र की साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव व कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी बीडीओ रामनगर जितेंद्र कुमार, बीडीओ सूरतगंज देवेंद्र कुमार सिंह व नगर पंचायत ईओ अशोक खरवार को सौंपी गई।
दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र, कूड़ेदान रखने व पॉलिथीन प्रयोग न करने के निर्देश दिए गए। बुढ़वल रेलवे स्टेशन मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था जिला पंचायत से कराने, महादेवा चौकी के पास रैन बसेरा की मरम्मत पर्यटन विभाग से कराने, मलबा हटाने, मार्ग चौड़े रखने तथा छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण की जिम्मेदारी पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरजीत सचान को दी गई। पेयजल हेतु खराब हैंडपंप व पानी की टंकी दुरुस्त कराने तथा नगर पंचायत रामनगर, फतेहपुर व दरियाबाद को टैंकर से जलापूर्ति के निर्देश दिए गए।
डीएम ने अस्थायी शौचालयों की सफाई, मोबाइल टॉयलेट, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, सरोवरों में बैरिकेडिंग व जाल, गोताखोरों, पीएसी, मेडिकल कैंप, अग्निशमन दल, सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। यातायात व्यवस्था के तहत चौकाघाट–मरकामऊ मार्ग पर पुल निर्माण कार्य मेला अवधि में रोकने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला खाद्य अधिकारी व अधिशासी अभियंता विद्युत सहित पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम रामनगर गुंजिता अग्रवाल, एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार यादव, सीओ गरिमा पंत, पीडब्ल्यूडी अवर अभियंता अजीत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, कोतवाल अनिल कुमार पांडेय, चौकी प्रभारी अभिनंदन पांडेय सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
