Bareilly : तेल और पानी की इकाइयों पर छापा, 2.93 लाख का तेल जब्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने सोमवार को खाद्य एवं पेय पदार्थों में मिलावट होने को लेकर परसाखेड़ा और रजऊ के औद्योगिक आस्थानों की तेल और पानी की इकाइयों में निरीक्षण कर सैंपल भरे। मामला संदिग्ध लगने पर 2.93 लाख की कीमत के तेल की बिक्री प्रतिबंधित कर जब्त कर लिया। धनिया पाउडर का नमूना भरकर भंडारित 108 किलोग्राम धनिया की बिक्री पर रोक लगा दी। साथ ही क्रिस्टल बेवरेजेज के कैंपा स्योर ब्रांड का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त एवं डीएम के निर्देश के कम में सोमवार को टीमों ने सैंपलिंग कार्रवाई शुरू की। गौसगंज सराय स्थित खण्डेलवाल एडिबिल ऑयल के खाद्य तेल पैकेजिंग इकाई का निरीक्षण किया। परिसर में भंडारित सरसों का तेल (माया ब्रांड नेपाल में निर्मित) के 15 किलोग्राम के टीन को खोलकर नमूना संग्रह किया। अवशेष 110 टीन (प्रत्येक टीन 15 किलो) जिसका बाजार मूल्य 230000 रुपये को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक विक्रय को प्रतिबंधित किया। परिसर में ही भंडारित रैपसीड ऑयल (साजन ब्रांड नेपाल में निर्मित) का नमूना संग्रह कर 30 टीन, जिसका बाजार 63000 रुपये की बिक्री प्रतिबंधित की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान, राघवेन्द्र प्रताप वर्मा एवं हिमांशु सिंह ने नमूने भरे।

जेड गांव स्थित सृष्टि पूर्ति के प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर धनिया पाउडर का नमूना भरा, भंडारित 108 किलोग्राम धनिया पाउडर की बिक्री पर रोक लगाई। इसके साथ अंधरपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एसआरएम स्प्रिंग प्राइवेट लिमिटेड में क्लीयर ब्रांड पानी का निरीक्षण किया। कमियां पाये जाने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी की गयी। सुधार के लिए निर्देश दिए। पालन न करने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में वृंदावन बेवरेजेज के किनले ब्रांड को सुधार सूचना जारी करने एवं रजऊ स्थित क्रिस्टल बेवरेजेज के कैंपा स्योर ब्रांड का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति केन्द्रीय लाइसेंस प्राधिकारी उत्तरी क्षेत्र को भेजी गयी है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।

संबंधित समाचार