रुद्रपुर: सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत
रुद्रपुर,अमृत विचार। शुक्रवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ग्राम प्रीतनगर निवासी भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। मौत की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। विधायक राजेश शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर परिवार को ढांढस बनाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात प्रीतनगर, …
रुद्रपुर,अमृत विचार। शुक्रवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ग्राम प्रीतनगर निवासी भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। मौत की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। विधायक राजेश शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर परिवार को ढांढस बनाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात प्रीतनगर, मल्सी निवासी 21 वर्षीय विभा पासी शुक्रवार को दिल्ली में एक सेमिनार में शामिल होने के लिए रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के लिए अपने घर से निकली थी। उसे छोड़ने उसका छोटा भाई 18 वर्षीय हेमंत भी साथ में था। दोनों स्कूटी पर सवार थे। तभी अचानक दूधिया बाबा मंदिर के सामने ट्रंचिंग ग्राउंड के पास एक अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मार दी। जिससे दोनों भाई-बहन अनियंत्रित होकर गिर गये। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। भाई-बहन की मौत की सूचना से पूरे गांव में मातम छा गया। घर के दो जवान सदस्यों की मौत से बच्चों की मां उर्मिला देवी और दो छोटी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इकलौता बेटा था हेमंत
सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत से गांव प्रीत नगर में मातम छाया हुआ है। हेमंत घर में चार भाई-बहनों में इकलौता लड़का था। जिसके चलते हुए वह अपनी बहनों को चहेता था। गांव में हेमंत के दोस्तों ने बताया कि वह बहुत हंसमुख और अच्छा व्यवहार का लड़का था। वह हमेशा गांव में दोस्तों के साथ सुख-दुख में साथ रहता था। पढ़ाई में भी काफी अच्छा था।
विभा की आय से चलता था घर
विभा और हेमंत के पिता की मौत 12 वर्ष पहले एक बीमारी के कारण हो गई थी। तब चारों भाई-बहनें काफी छोटे थे। पिता की मौत के बाद उनकी मां उर्मिला देवी ने मजदूरी और कंपनियों में छोटी-मोटी नौकरियां कर घर चलाया। हालांकि उनकी आर्थिक स्थिति उतनी अच्छी नहीं थी। बड़े होने के नाते विभा ने अपनी पढ़ाई के साथ मां का हाथ बंटाते हुए शहर के एक मॉल में नौकरी शुरू कर दी थी और घर का बोझ अपने कंधे पर ले लिया। जिसके बाद घर की स्थिति पटरी पर आने लगी थी। शुक्रवार रात को विभा एक मार्केटिंग सेमिनार में भाग लेने दिल्ली जाने वाली थी।
विधायक शुक्ला ने बंधाया ढांढस
सड़क हादसे में हुई भाई-बहन की मौत की खबर पर क्षेत्रीय विधायक राजेश शुक्ला ने पोस्टमार्टम पहुंचकर मृतकों के परिजनों को ढांढस बनाया। इस दौरान उन्होने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को फोन कर अतिशीघ्र मेमो तैयार करा पोस्टमार्टम कराने को कहा और परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
