केजीएमयू पहुंचे अपर मुख्य सचिव : स्वच्छ वायु को लेकर कही यह खास बात
लखनऊ, अमृत विचार : चिंतन एनवायरनमेंटल रिसर्च एंड एक्शन ग्रुप की ओर से स्वच्छ वायु के अधिकार विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन केजीएमयू के पल्मोनरी एवं क्रिटिकल केयर विभाग के सेमिनार हॉल में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में इस प्रकार के जागरूकता सत्रों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि आमजन को स्वच्छ वायु के महत्व और उससे जुड़े स्वास्थ्य प्रभावों के प्रति संवेदनशील बनाया जा सके। केजीएमयू के रेस्पीरेटरी मेडिसिन विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने धूम्रपान से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न नीतियों और उपायों के माध्यम से सकारात्मक एवं प्रभावी बदलाव लाए जा रहे हैं।
पल्मोनरी एवं क्रिटिकल केयर विभाग के अध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश ने कहा कि वर्तमान समय में सीओपीडी के अधिकांश मरीज गैर-धूम्रपान करने वाले हैं। कई अध्ययनों में इसका सीधा संबंध वायु प्रदूषण और खराब वायु गुणवत्ता से पाया गया है, जो एक गंभीर चिंता का विषय है।
यह भी पढ़ें : UP में ब्लैकआउट : पुलिस लाइन पहुंचे सीएम योगी, आपात स्थित से निपटने को तैयार दिखा उत्तर प्रदेश
