Grammy:दलाई लामा ने जीता पहली बार संगीत जगत का सबसे बड़ा अवॉर्ड, मेडिटेशन एल्बम को मिला ग्रैमी
लॉस एंजिलिस। दुनिया के प्रतिष्ठित संगीत पुरस्कार 68वें ग्रैमी अवॉर्ड समारोह में रविवार को दलाई लामा ने ऑडियो बुक, कथावाचन और किस्सागोई (स्टोरीटेलिंग) रिकॉर्डिंग श्रेणी में ग्रैमी पुरस्कार जीता। यह दलाई लामा का पहला ग्रैमी पुरस्कार है। उन्होंने इस श्रेणी में अमेरिकी उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश केतनजी ब्राउन जैक्सन को पीछे छोड़ा।
ग्रैमी जीत व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि साझा जिम्मेदारी को मिली मान्यता है: दलाई लामा
तिब्बत के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने पहला ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर सोमवार को कहा कि यह जीत उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि साझा वैश्विक जिम्मेदारी को मिली मान्यता है। दलाई लामा ने लॉस एंजिलिस में आयोजित 68वें ग्रैमी अवॉर्ड में अपनी एल्बम'मेडिटेशंस: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा' के लिए सर्वश्रेष्ठ ऑडियोबुक, कथावाचन और किस्सागोई (स्टोरीटेलिंग) रिकॉर्डिंग श्रेणी में यह पुरस्कार जीता।
दलाई लामा ने यह पुरस्कार मिलने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा, ''मैं इस सम्मान को कृतज्ञता और विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। मैं इसे व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि हमारी साझा वैश्विक जिम्मेदारी की मान्यता के रूप में देखता हूं।''
उन्होंने कहा, ''मेरा दृढ़ विश्वास है कि शांति, करुणा, पर्यावरण की देखभाल और मानवता की एकता की समझ, सभी आठ अरब लोगों के सामूहिक कल्याण के लिए आवश्यक है।'' दलाई लामा ने आगे कहा, ''मैं आभारी हूं कि यह ग्रैमी सम्मान इन संदेशों को व्यापक रूप से फैलाने में मदद कर सकता है।
दलाई लामा को गैमी दिये जाने पर भड़का चीन
चीन ने सोमवार को दलाई लामा को दिए गए ग्रैमी पुरस्कार की निंदा करते हुए कहा कि वह तिब्बती आध्यात्मिक नेता द्वारा इस सम्मान का उपयोग "चीन विरोधी गतिविधियों" को अंजाम देने के लिए किए जाने का "कड़ा विरोध" करता है।
दलाई लामा को पुरस्कार मिलने पर उनकी प्रतिक्रिया पूछे जाने पर, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने चीन के इस आरोप को दोहराया कि 90 वर्षीय आध्यात्मिक नेता धर्म के नाम पर अलगाववादी गतिविधियां चला रहे हैं। लिन ने यहां मीडिया से कहा कि दलाई लामा विशुद्ध रूप से धार्मिक व्यक्ति नहीं हैं।
उन्होंने कहा, "वह एक राजनीतिक निर्वासित हैं, जो धर्म की आड़ में चीन विरोधी अलगाववादी गतिविधियों के लिए प्रतिबद्ध हैं।" उन्होंने कहा कि बीजिंग इस बात का पुरजोर विरोध करता है कि संबंधित पक्ष इस पुरस्कार का इस्तेमाल चीन विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए एक उपकरण के रूप में करें।
दलाई लामा 1959 में तिब्बत छोड़ने के बाद से धर्मशाला में निर्वासन में रह रहे हैं। उनको तिब्बत को मुक्त कराने के लिए उनके निरंतर, अहिंसक संघर्ष के लिए 1989 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
ग्रैमी जीतने पर कमल हासन ने दी बधाई
अभिनेता-नेता कमल हासन ने तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा को ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर सोमवार को बधाई दी। कमल हासन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ''दुनिया के एक प्रमुख विचारक को सम्मानित कलाकारों की प्रतिष्ठित श्रेणी में शामिल होते देखकर गर्व हो रहा है।'' उन्होंने कहा, ''शब्द इस दुनिया के संगीत में और अधिक अर्थ जोड़ सकते हैं। ग्रैमी को बधाई। अमजद अली खान साहब को भी बधाई।''
'के-पॉप डेमन हंटर्स' फिल्म के गीत 'गोल्डन' ने दृश्य मीडिया के लिए लिखे गए सर्वश्रेष्ठ गीत का पुरस्कार जीता। यह पहला मौका है जब किसी के-पॉप कलाकार/समूह ने ग्रैमी जीता। गीतकारों ने पुरस्कार लेते समय अंग्रेज़ी और कोरियाई दोनों भाषाओं में अपना भाषण दिया।
संगीत फिल्म का पुरस्कार 'म्यूज़िक फॉर जॉन विलियम्स' को मिला और इसी के साथ निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग ने अपना पहला ग्रैमी जीता और वह आधिकारिक रूप से ईजीओटी (एमी, ग्रैमी, टोनी और ऑस्कर जीतने वाले कलाकार) बन गए।
मुख्य समारोह से पहले होने वाला प्रारंभिक पुरस्कार समारोह लॉस एंजिलिस शहर के पीकॉक थिएटर में आयोजित किया गया। इस दौरान 86 ग्रैमी पुरस्कार दिए जाने हैं। समारोह में कई कलाकारों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की आव्रजन नीति के खिलाफ आवाज उठाई।
अमेरिकी गायक शाबूजी ने भावुक होकर कहा कि प्रवासियों ने इस देश को बनाया है। अमेरिकी गायक ग्लोरिया एस्टेफन ने भी मौजूदा राजनीतिक हालात पर चिंता जताई। मुख्य समारोह की मेजबानी हास्य कलाकार ट्रेवर नोआ करेंगे। 2026 के ग्रैमी नामांकनों में केंड्रिक लैमर नौ नामांकनों के साथ सबसे आगे हैं, जबकि लेडी गागा, जैक एंटोनॉफ और अन्य बड़े नाम भी दौड़ में शामिल हैं।
