पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम का दौरा: महाप्रबंधक ने देखा कोच केयर सेंटर, पूछे सेफ्टी से जुड़े सवाल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामनगर, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर इज्जतनगर रेल मंडल का दौरा करने पहुंचे। शनिवार को उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के साथ कोच केयर सेन्टर रामनगर और रामनगर रेलवे स्टेशन का सेफ्टी निरीक्षण किया। उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार समेत दूसरे अधिकारी भी मौजूद रहे।

कोचिंग केयर सेंटर पहुंचे महाप्रबंधक ने सीबीसी गेज बॉक्स, पोल व्हील सिम्युलेटर, सीबीसी पॉपुलर गेज, बफर हाइट गेज सीबीसी, हैंड ब्रेक इंडिकेटर, 3 प्वाइंटर व्हील, डायमीटर गेज विनर अल्ट्रासोनिक थिकनेस गेज जैसे यंत्रों के संचालन को लेकर अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से सवाल किए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को इन यंत्रों के बारे में सेफ्टी से जुड़ी जानकारियां भी दीं। 

महाप्रबंधक फिटर रूम, मशीन रूम, स्क्रैप रूम, बायो टॉयलेट लैब, मैकेनाइज्ड क्लीनिंग व बायो टॉयलेट अनुरक्षण रूम का निरीक्षण करने पहुंचे। वाशिंग पिट निरीक्षण के दौरान उन्होंने पानी की खपत को कम करने का निर्देश दिया। रोलिंग पॉइंट पर काम कर रहे कर्मचारी से सेफ्टी से जुड़ी सावधानियों के बारे में सवाल किए। 

महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किये गये रामनगर स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां किए गए विकास कार्यों की समीक्षा की। आधुनिक प्रतीक्षालय कक्ष व दिव्यांगजनों का सहायता बूथ व पुनर्विकसित किए गए आरक्षण भवन का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने रामनगर स्टेशन के स्टेशन पैनल कक्ष और संरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया।

सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्रियों की आधुनिक सुख सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रामनगर स्टेशन के पुनर्विकास का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। जिसमें आधुनिक प्रतीक्षालय कक्ष, मॉडर्न टॉयलेट ब्लॉक, स्टेशन भवन के फसाड, प्लेटफार्म का उच्चीकरण, जीआरपी पोस्ट, आरक्षण भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार,सिस्टमैटिक नालिया, 4 वें पीपी शेल्टर,साइनेज एवं लाइटिंग शामिल है।

उन्होंने बताया कि गाड़ियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध करा दी गई है। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए टेक्सटाइल पथ, वाटर बूथ, टिकट काउंटर, टॉयलेट, रैंप, पार्किंग व इनकी सहायता के लिए एक बूथ की भी व्यवस्था की गई है। रामनगर रेलवे स्टेशन के परिसर में नव स्थापित हाथी एवं बाघ की आकृतियां यात्रियों के सेल्फी प्वाइंट के रूप में आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है।

 

संबंधित समाचार