Moradabad: समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए निर्देश, गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करें निर्माण
मुरादाबाद, अमृत विचार। डीएम अनुज सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने कार्यदायीं संस्थाओं को निर्देश दिया कि जिले में जो भी निर्माण परियोजनाएं चल रही हैं उन पर आने-जाने का रास्ता होना सुनिश्चित करें। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान रखकर निर्धारित समय में कार्य पूरा कर हैंडओवर कराएं।
कार्यदायीं संस्था यूपीसीएनडीएस द्वारा राजकीय प्रक्षेत्र रौंडा के सुदृढ़ीकरण में प्रगति धीमी होने पर नाराजगी जताई। समय से काम पूरा कराने का निर्देश दिया। राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा ग्राम पंचायत रतनपुर कलां में स्टेडियम ओपन जिम निर्माण व बिलारी में गन्ना किसान संस्थान का कार्य समय से पूरा कराने को कहा।
सीएनडीएस द्वारा मूंढापांडे में आईटीआई निर्माण व फर्नीचर उपकरण और बिलारी में प्रशासनिक भवन, कन्वेंशन सेंटर एवं मैरिज हॉल निर्माण तथा नगर पंचायत महमूदपुर माफी में पंचायत घर में पुस्तकालय शूट सेंटर समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। राज्य सेतु निगम द्वारा पंडित नगला बाईपास पर रेलवे क्रॉसिंग ऊपरीगामी सेतु के निर्माण की भौतिक प्रगति 73.88 प्रतिशत होने पर नाराजगी जताई।
बैठक में जिला विकास अधिकारी जीबी पाठक, परियोजना अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोनिवि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के प्रबंधक/प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बा स्कूल में छात्रावास भवन निर्माण की प्रगति लक्ष्य अनुरूप न मिलने पर जताई नाराजगी
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एकेडमिक ब्लॉक एवं बालिका छात्रावास भवन निर्माण की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप न होने पर नाराजगी जताकर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उ.प्र. जल निगम ग्रामीण द्वारा रुस्तमनगर सहसपुर में सोलर पैनल एवं मिट्टी भराव का कार्य कैंपस में शेष रहने और राजकीय निर्माण निगम को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
