Moradabad: कांवड़ लेकर निकले शिवभक्त, महाशवरात्रि पर करेंगे भोले का जलाभिषेक
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार को महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ के भक्त आस्था के जल से महादेव का जलाभिषेक कर पूजन अर्चन करेंगे। इसके लिए तैयारियां भी तेज हो गई हैं। मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर कांवड़ियों की सेवा के लिए स्थानीय लोंगों व संगठनों की ओर से शिविर लगाया जा रहा है। तो प्रशासन सुरक्षा व अन्य इंतजाम कराने में जुटा है।
15 फरवरी को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। इस दिन जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िए हरिद्वार और बृजघाट से गंगाजल लाने के लिए रवाना हो रहे हैं। महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ने वाली आस्थावानों की भीड़ को देखते हुए नगर निगम प्रशासन तैयारियों में जुटा है तो वहीं जिलाधिकारी अनुज सिंह ने अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। शिवालयों के बाहर व आसपास के क्षेत्रों में सफाई प्रबंध कराए जा रहे हैं।
वहीं शिविर लगाकर शिवभक्तों को अल्पाहार व भोजन कराने के लिए भी लोग तैयारी को अंतिम रुप दे रहे हैं। बोल बम, हर हर महादेव का जयघोष करते हुए कांवड़िए जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटेंगे तो उनका इन शिविरों में आदर सत्कार कर सेवा की जाएगी। जिससे सेवादारों को भी भोले की भक्तों की सेवा का पुण्यलाभ मिल सके। कई जगह भंडारा कराने की तैयारी की जा रही है। विधि विधान से आस्था और उल्लास के साथ महाशिवरात्रि को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने रुट भी डायवर्ट कर दिया है।
