बरेली: हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स पर आयकर विभाग का छापा
अमृत विचार, बरेली। शहर के नामचीन हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स और आंवला के शुभम ज्वैलर्स में गड़बड़ी की आशंका के चलते सोमवार सुबह करीब 7 बजे आयकर विभाग की संयुक्त टीमों ने छापा मारा। हरसहायमल ज्वैलर्स के शोरूम में पिछले दरवाजे से दाखिल हुई टीम ने सबसे पहले गार्ड के मोबाइल जब्त कर लिए। इसके बाद …
अमृत विचार, बरेली। शहर के नामचीन हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स और आंवला के शुभम ज्वैलर्स में गड़बड़ी की आशंका के चलते सोमवार सुबह करीब 7 बजे आयकर विभाग की संयुक्त टीमों ने छापा मारा। हरसहायमल ज्वैलर्स के शोरूम में पिछले दरवाजे से दाखिल हुई टीम ने सबसे पहले गार्ड के मोबाइल जब्त कर लिए। इसके बाद करीब 10 बजे शोरूम पर कर्मचारियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ तो उनके भी मोबाइल जब्त कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। वहीं, आंवला में सर्राफ की दुकान एवं घर में भी छापेमारी के दौरान पुलिस बल तैनात रहा।
लखनऊ समेत कई शहरों से आई आयकर विभाग की टीमें भारी फोर्स के साथ बरेली, मुरादाबाद, बदायूं और लखनऊ के प्रतिष्ठानों पर पहुंची। बरेली में सिविल लाइंस स्थित हरसहायमल ज्वैलर्स के शोरूम पर जब टीम पहुंची तो उस समय गार्ड के अलावा एक कर्मचारी कर्मचारी था। उन्होंने विरोध किया तो आयकर अधिकारियों ने सारे साक्ष्य बताते हुए कहा कि उन्हें अपना काम करने दिया जाये। इसके बाद पिछले दरवाजे से शोरूम में दाखिल हुई टीम ने जैसे-जैसे कर्मचारियों के शोरूम पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ तो सभी के मोबाइल अपने कब्जे में ले लिये गए। बरेली के आयकर अधिकारी भी कार्रवाई में शामिल रहे।
हरसहायमल ज्वैलर्स के धौराटांडा स्थित आवास पर भी छापेमारी के दौरान हड़कंप मच रहा। इधर, आंवला के शुभम ज्वैलर्स पर छापेमारी के दौरान शोरूम और आवास की घेराबंदी कर ली गई। बताया जा रहा है आयकर की बड़े पैमाने पर हेराफेरी के अंदेशे पर छापा मारा गया है। टैक्स चोरी के मामले में टीम ने देर शाम तक सोने के स्टॉक और रिकार्ड का मिलान किया। इस मामले में आयकर विभाग के अधिकारी कुछ भी बताने से मना करते रहे। सिर्फ इतना कहा कि कार्रवाई चल रही है, जांच पूरी होने के बाद ही कोई जानकारी दी जा सकेगी। यह कार्रवाई दो दिन चलने की बात निकलकर सामने आई है। आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो प्राथमिक छानबीन में करोड़ों रुपये की आयकर चोरी होने के संकेत मिले हैं।
छापेमारी के दौरान शहर के दूसरे सर्राफ भी बुलाए गए
हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के यहां छापेमारी की वजह से सर्राफा कारोबारियों में हड़कंप मचा है। सर्राफा के साथ दूसरे भी बड़े कारोबारी हैरान हैं। आयकर विभाग की टीम ने शहर के अन्य कारोबारियों को भी छापेमारी के दौरान हरसहायमल ज्वैलर्स के प्रतिष्ठान में बुलाया। सभी को पीछे के दरवाजे से बुलाया गया। इसके बाद से उनके भी फोन स्विच ऑफ हो गए।
ज्वैलर्स के यहां छापेमारी सोमवार तड़के शुरू हुई। जैसे ही इसकी खबर शहर के अन्य सर्राफा कारोबारियों को लगी तो अधिकांश ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर लिए। पड़ोस में एक ज्वैलर्स का शोरूम है, वह भी काफी देर तक बंद रहा। इसके अलावा अन्य इलाकों में भी कई बड़ी ज्वैलरी शॉप के शटर बंद रहे। सभी को डर था कि कहीं उनके यहां छापेमारी न हो जाए।
हरसहायमल ज्वैलर्स से पूछताछ में टीम को पता चला कि उनके यहां से माल शहर के अलावा बाहर के कई अन्य नामी ज्वैलर्स के पास भी जाता है। इसके बाद टीम ने उन ज्वैलर्स को भी पूछताछ के लिए बुलाया। सबसे पहले अय्यूब खां चौराहे के पास सिविल लाइंस स्थित एक प्रमुख सर्राफा व्यवसायी को पूछताछ के लिए बुलाया गया। जब कैमरे की नजर उन पर पड़ी तो वह चेहरा छिपाने लगे।
इसके बाद से पीछे का दरवाजा बंद कर लिया गया। उनसे घंटों पूछताछ हुई और वह भी बाहर नहीं निकले। कुछ देर बाद नावल्टी चौराहे के पास सिविल लाइंस के एक अन्य ज्वैलर्स को बुलाया गया। वह भी पीछे के रास्ते दाखिल हुए। जब तक छापेमारी चली तब तक वह भी बाहर नहीं निकल सके। बताया जा रहा है कि जिस-जिस के यहां ज्वैलर्स का माल सप्लाई होता था, उसे पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर टीम अन्य ज्वैलर्स से भी पूछताछ कर सकती है।
ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा
ज्वैलर्स शोरूम में छापेमारी की वजह से प्रतिष्ठान पर आने वाले ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा। कोई ग्राहक प्रतिष्ठान को बंद देखकर ही वाहन से आगे बढ़ गया तो कुछ ने वाहन से नीचे उतरकर बंद होने का कारण पूछा। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने प्रतिष्ठान बंद होने की जानकारी देकर ग्राहकों को बाद में आने के लिए कह दिया। कुछ ग्राहक काफी दूर से आए थे जिसकी वजह से उन्हें काफी दिक्कत भी हुई।
