ओडिशा: संबलपुर में हाथी से टकरा कर पटरी से उतरी ट्रेन, सभी यात्री सुरक्षित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भुवनेश्वर। ओडिशा के संबलपुर जिले में ट्रेन से टकराने पर एक हाथी की मौत हो गई, जिसके चलते ट्रेन के इंजन की अग्रिम ट्रॉलियां पटरी से उतर गईं। रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना में ट्रेन में सवार कोई यात्री हताहत नहीं हुआ। पूर्वीय तटीय रेलवे (ईसीआर) के एक …

भुवनेश्वर। ओडिशा के संबलपुर जिले में ट्रेन से टकराने पर एक हाथी की मौत हो गई, जिसके चलते ट्रेन के इंजन की अग्रिम ट्रॉलियां पटरी से उतर गईं। रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना में ट्रेन में सवार कोई यात्री हताहत नहीं हुआ। पूर्वीय तटीय रेलवे (ईसीआर) के एक अधिकारी के अनुसार हाथियों के गलियारे से 50 किलोमीटर की रफ्तार से गुजर रही पुरी-सूरत एक्सप्रेस ने हाथीबाड़ी और मानेश्वर रेलवे स्टेशनों के बीच भवानीपाली गांव में देर रात करीब 2 बजकर 4 मिनट पर हाथी को टक्कर मार दी।

सूरत जाने वाली यह ट्रेन 1 बजकर 55 मिनट पर हाथीबाड़ी से रवाना हुई थी। संबलपुर के संभागीय रेल प्रबंधक (डीआरएम) प्रदीप कुमार घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद ट्रेन को वापस हाथीबाड़ी स्टेशन ले जाकर उसका इंजन बदला गया।

ईसीआर के अधिकारी ने कहा कि पुरी-सूरत एक्स्प्रेस सुबह करीब 7 बजकर 26 मिनट पर हाथीबाड़ी से रवाना हुई। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना से पुरी-दुर्ग एक्सप्रेस और कोरापुट-भुवनेश्वर विशेष ट्रेन प्रभावित हुई हैं। डीआरएम ने कहा कि मामले की जांच के लिये पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इसके अलावा राज्य के वन विभाग की एक टीम ने भी यह पता लगाने के लिये जांच शुरू कर दी है कि हाथी की मौत किन परिस्थतियों में हुई।

संबंधित समाचार