औरैया में बड़ा हादसा : गंग नहर में गिरी कार, इटावा के कारोबारी समेत परिवार के तीन सदस्यों की मौत
औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अछल्दा क्षेत्र में एक कार के गंग नहर में गिरने से उसमे सवार इटावा के एक प्रतिष्ठित कारोबारी, उनकी पत्नी और पुत्र की मृत्यु हो गई। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि अछल्दा थाना क्षेत्र के तुरुकपुर गांव के पास बुधवार देर रात कारोबारी की कार लगभग 20 फीट गहरी गंग नहर में जा गिरी। मृतकों की पहचान इटावा के भरथना निवासी 60 वर्षीय राजीव कुमार पोरवाल, उनकी 55 वर्षीय पत्नी मधु गुप्ता और 27 वर्षीय पुत्र शुभम के रूप में हुई है।
बताया गया कि राजीव कुमार दाल और डालडा के बड़े व्यापारी थे। उन्होने बताया कि परिवार दिबियापुर के भगवतीगंज क्षेत्र में एक रिश्तेदार के विवाह पूर्व समारोह (तेल पूजन) में शामिल होने आया था। देर रात लौटते समय कार अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से नीचे नहर में गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन के दरवाजे अंदर से लॉक हो जाने के कारण परिवार को बाहर निकलने का अवसर नहीं मिल सका।
घटना का पता गुरुवार सुबह करीब सात बजे चला, जब राहगीरों ने नहर में एक टायर दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर और जेसीबी मंगवाकर घंटों की मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला। शीशे तोड़कर अंदर पहुंचने पर तीनों शव वाहन के भीतर ही फंसे मिले। पुलिस को कार से एक मोबाइल फोन मिला, जो पानी में भीगने से बंद था।
सिम कार्ड को दूसरे फोन में डालकर संपर्क स्थापित किया गया, जिससे परिवार की पहचान हो सकी। घटना की सूचना पर जिलाधिकारी डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
