विजिलेंस विभाग की बड़ी कार्रवाई: आय से अधिक संपत्ति के चलते अधिशासी अभियंता पर FIR, 55.86 लाख अधिक खर्च का खुलासा
लखनऊ, अमृत विचार: सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। विजिलेंस जांच में सामने आया कि उन्होंने अपनी ज्ञात आय से 55.86 लाख रुपये अधिक खर्च किए। शासन के आदेश पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सतर्कता अधिष्ठान के इंस्पेक्टर एमएम चौहान की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट के अनुसार राजेश कुमार जांच अवधि में प्रतापगढ़ में तैनात थे। खुली जांच में पाया गया कि इस अवधि में उन्होंने वैध स्रोतों से कुल 1,08,84,007 रुपये की आय अर्जित की, जबकि परिसंपत्तियों के अर्जन और भरण-पोषण पर 1,64,70,573 रुपये खर्च किए। इस प्रकार आय के सापेक्ष 55,86,566 रुपये का अधिक व्यय पाया गया। इस अंतर के संबंध में वह संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके।
लखनऊ में है तैनात
मूल रूप से कन्नौज के हरेईपुर निवासी राजेश कुमार वर्तमान में सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय, लखनऊ में तैनात हैं। सतर्कता विभाग ने संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
