अयोध्या: कृषि विभाग टीवी लगाकर किसानों को सुनवाएंगे पीएम मोदी की बात
अयोध्या, अमृत विचार। कृषि कानूनों को लेकर चल रहे किसानों के आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री की बात किसानों तक पहुंचाने के लिए व्यवस्था का जिम्मा कृषि विभाग को सौंपा गया है। सहयोग के लिए जिला प्रशासन व विभागों को लगाया गया है। सजीव प्रसारण से लेकर खंड विकास मुख्यालय पर लगने वाले मेला और प्रदर्शनी …
अयोध्या, अमृत विचार। कृषि कानूनों को लेकर चल रहे किसानों के आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री की बात किसानों तक पहुंचाने के लिए व्यवस्था का जिम्मा कृषि विभाग को सौंपा गया है। सहयोग के लिए जिला प्रशासन व विभागों को लगाया गया है। सजीव प्रसारण से लेकर खंड विकास मुख्यालय पर लगने वाले मेला और प्रदर्शनी का खर्चा कृषि विभाग उठाएगा।
यह आयोजन 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर सुशासन दिवस के तहत आयोजित होगा। केंद्र सरकार की ओर से संशोधित कृषि कानूनों के खिलाफ एक तरफ किसानों ने मोर्चा खोल रखा है तो दूसरी तरफ सरकार किसानों को समझाने में जुटी है।
पार्टी से लेकर पूरे तंत्र को किसानों को समझाने बुझाने में लगाया गया है। पार्टी और सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवाद किसानों से कराने की रणनीति तैयार की है। इसके लिए शासन ने सूचना विभाग को कृषि विभाग से संबंध में कर सभी खंड विकास मुख्यालयों पर पीएम मोदी के भाषण के सजीव प्रसारण के लिए एलईडी और टीवी लगवाने का निर्देश दिया है। इस बाबत शासन के अपर सचिव सूचना नवनीत सहगल ने पत्र भेजा है।
कृषि विभाग इसका पूरा खर्चा तो उठाएगा ही साथ ही प्रत्येक खंड विकास मुख्यालय पर 500-500 किसानों को लाने की जिम्मेदारी भी निभाएगा। वही उद्यान और पशुपालन विभाग को 50-50 किसानों को लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।अटल की जयंती को शासन प्रशासन ने सुशासन दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। सोमवार को जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि सरकार कृषकों की आय बढ़ाने व उनके सतत कल्याण के लिए संकल्पित है।
इस संकल्प की पूर्ति के लिए सभी विकासखण्डों पर कृषि विभाग की ओर से अटल जयंती पर 10ः30 बजे से कृषि मेला, गोष्ठी एवं प्रर्दशनी का आयोजन होगा। विभागों की ओर से विभिन्न योजनाओं का पंपलेट और फोल्डर वितरित किया जाएगा।जिसमें सहकारिता, पशुपालन, उद्यान, दुग्ध विकास, गन्ना आदि विभागों से सम्बंधित अधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे। मण्डी परिसरों में यह कार्यक्रम मण्डी परिषद व सम्बंधित मण्डी समितियों की ओर से किया जायेगा।
कृषि विश्वविद्यालय व सम्बंधित महाविद्यालयों एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों पर भी कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। गोष्ठी में प्रदेश में क्रियान्वित की जा रही योजनाओं तथा सरकार की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी जायेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री,भारत सरकार दोपहर 12ः00 बजे किसानों को संबोधित करेंगे। महामारी को लेकर दिशानिर्देशों के मुताबिक सजीव प्रसारण को सुनने की व्यवस्था का निर्देश दिया गया है।
