Bareilly: एसएसपी की बड़ी कार्रवाई...ड्यूटी से गायब छह पुलिस कर्मी निलंबित
बरेली, अमृत विचार। एसएसपी अनुराग आर्य ने शराब पीने और लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे छह पुलिस कर्मियों को बुधवार को निलंबित किया है, जबकि आधारभूत प्रशिक्षण से गायब चल रहे एक रिक्रूट आरक्षी को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है। वह गैरहाजिर होकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लिप्त पाया गया है। एसएसपी की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि कोतवाली में तैनात आरक्षी कृष्ण गोपाल 25 नवंबर 2025 से स्वीकृत शुदा उपार्जित अवकाश पर रवाना होने के बाद अवकाश समाप्त होने के बाद 9 दिसम्बर 2025 को उपस्थित न होकर अनधिकृत रूप लगातार गैर हाजिर चलने पर निलंबन की कार्रवाई की गयी है। सिंगल विंडो पर तैनात आरक्षी केशव कुमार 18 जनवरी को 30 दिन के उपार्जित अवकाश पर रवाना होने के बाद अवकाश समाप्त होने के बाद 17 फरवरी को उपस्थित न होकर गैरहाजिर रहने पर निलंबित किया गया।
सिंगल विंडो पर ही तैनात आरक्षी प्रशांत कुमार 22 जनवरी को छह दिन के आकस्मिक अवकाश पर गए थे, लेकिन 29 जनवरी से लगातार गैरहाजिर चल रहे हैं। रिक्रूट आरक्षी अभिषेक सिंह रिजर्व पुलिस लाइन बरेली में आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त करने के दौरान 24 अगस्त को दो दिन का आकस्मिक अवकाश लेकर लगातार गैरहाजिर चल रहे हैं। इस पर चयन निरस्त करने के लिए नोटिस निर्गत किया गया है। एलआईयू की जांच में आरक्षी/रिक्रूट आरक्षी अभिषेक प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करते पाया गया।
मुख्य आरक्षी सुरजीत सिंह की डयूटी 22 नवंबर 2025 को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की फ्लीट में लगने के बाद मुख्य आरक्षी महत्वपूर्ण ड्यूटी पर उपस्थित न होकर बिना अनुमति लगातार गैरहाजिर होने पर निलम्बन की कार्यवाही की गयी है। मुख्य आरक्षी संजीव कुमार की ड्यूटी 9 दिसंबर को बंदी पेशी सेशन हवालात पर लगाई गई थी, लेकिन वह गैरहाजिर चल रहे हैं। इस पर उनके निलंबन की कार्रवाई की गई है।
थाना फतेहगंज पूर्वी पर तैनात मुख्य आरक्षी रविन्द्र सिंह शराब पीने के आदी हैं। उच्चाधिकारी के समझाने के बावजूद आदेश/निर्देश का पालन न करने, थाना कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने, परीक्षा स्ट्रांग रूम डयूटी लगने पर शराब का सेवन कर चौकीदार के साथ दुर्व्यवहार करने जैसे गंभीर आरोप संज्ञान में आने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है। एसएसपी की कार्रवाई के बाद अन्य पुलिस कर्मियों में हड़कप मचा हुआ है।
