Uttrakhand: दस्तावेज अधूरे तो कहीं नियमों के खिलाफ संचालन, अब 31 होम स्टे के लाइसेंस निरस्त

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला प्रशासन ने फर्जीवाड़ा ढंग से होम स्टे संचालन करने वालों पर सख्ती शुरू कर दी है। प्रशासन की औचक जांच में अनियमितताएं मिलने पर 31 होम स्टे के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जिले में होम स्टे के संचालन में गड़बड़ियों की शिकायत मिल रही थी। सबसे ज्यादा शिकायतें यह थी कि अन्य राज्यों के लोग पहाड़ी स्थानों पर भूमि खरीद कर होम स्टे बना रहे हैं। वे स्वयं तो अन्य राज्यों में रहते हैं लेकिन यहां होम स्टे संचालित करते हैं। नियमानुसार, होम स्टे योजना विशुद्ध रूप से यहीं रहने वाले लोगों के लिए है। इसके बाद नैनीताल डीएम ललित मोहन रयाल ने जांच के आदेश दिए थे। जांच में कई होम स्टे ऐसे मिले जिनके दस्तावेज पूरे नहीं थे, जबकि कई में अनियमितताएं थीं। इसके बाद कुल 31 होम स्टे के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए।

डीएम रयाल ने बताया कि नैनीताल, रामनगर, रामगढ़, मुक्तेश्वर और भीमताल क्षेत्रों में संचालित हो रहे होम स्टे की जांच की गई थी। इन स्थानों पर कई होमस्टे के दस्तावेज अधूरे मिले तो कुछ जगहों पर नियमों की अनदेखी कर व्यावसायिक प्रयोग किया जा रहा था। इन गड़बड़ियों को देखते हुए 31 होम स्टे के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि बिना पंजीकरण के होमस्टे संचालित पाए गए तो संबंधित को सील किया जाएगा।

संबंधित समाचार