प्रयागराज में 365 मरीज पहुंचे SRN अस्पताल: मेडिसिन विभाग में 67, ट्रॉमा सेंटर में 38 और इमरजेंसी ओपीडी में 260 मामले
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होली के दौरान स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में बड़ी संख्या में मरीजों का उपचार किया गया। बुधवार सुबह आठ बजे से शुक्रवार शाम छह बजे तक इमरजेंसी और विभिन्न विभागों में कुल 365 मरीजों का इलाज किया गया। अस्पताल के अनुसार मेडिसिन विभाग में 67, ट्रॉमा सेंटर में 38 तथा इमरजेंसी ओपीडी में 260 मरीज पहुंचे। इस दौरान फूड पॉइजनिंग के मामले सबसे अधिक रहे।
इसके अलावा रंगों से एलर्जी, त्वचा में जलन, सड़क हादसे और नशे में गिरने के मामले भी सामने आए। चिकित्सकों के अनुसार अनियमित खानपान, बासी भोजन और तले-भुने व्यंजनों के कारण फूड पॉइजनिंग के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। इन मरीजों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत थी, जिनका तत्काल उपचार किया गया। डॉ. वी. के. पांडेय ने शनिवार को बताया कि होली के अवसर पर विशेष इमरजेंसी व्यवस्था की गई थी।
अतिरिक्त डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किए गए थे, जिससे कोई गंभीर स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। वहीं डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि सभी मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं में नशा और तेज वाहन चलाने के कारण ट्रॉमा सेंटर में भी कुछ मामले आए, लेकिन अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर और बर्न यूनिट की सुविधाओं से मरीजों को बेहतर इलाज दिया गया।
ये भी पढ़ें :
होली के बाद वापसी बनी चुनौती: रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़, ट्रेनो में जगह नहीं
