बाराबंकी : बहन की शादी से 4 दिन पहले युवक की नृशंस हत्या, घर में पसरा मातम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

निन्दूरा/बाराबंकी, अमृत विचार। सबसे छोटी बहन की शादी से चार दिन पहले युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। हत्यारों ने न सिर्फ गला रेता बल्कि धारदार हथियार से बीस से अधिक वार किए। शनिवार सुबह पुलिस से गुमशुदगी की शिकायत कर लौट रहे परिजनों को शव गांव से कुछ दूरी पर लहूलुहान दशा में मिला। परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की पर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।

जानकारी के अनुसार यह घटना कुर्सी थाना क्षेत्र के ग्राम मदारपुर मजरे श्रीरामपुरवा से कुछ दूरी पर हुई। गांव के रहने वाले छविनाथ रावत का 22 वर्षीय बेटा मिथुन रावत शुक्रवार की रात घर से निकला लेकिन घर वापस नहीं आया। शनिवार की भोर से उसकी तलाश शुरु हुई, कुछ पता न चलने पर थकहार कर चचेरे भाई सौरभ ने पुलिस को गायब होने की सूचना दी। वह थाने से वापस गांव जा ही रहा था कि गांव के करीब एक गेहूं के खेत में खून, मोबाइल कवर व चप्पलें पड़ी देखीं तो परिजनों को व पुलिस को खबर की।

सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ ही दूरी पर मिथुन का रक्तरंजित शव मिला। उसका गला लगभग रेत दिया गया था वहीं शरीर पर धारदार हथियार के ताबड़तोड़ वार के करीब बीस निशान मिले। पास ही धर्म विशेष की टोपी, शराब की बोतलें मिलीं। यह भी सामने आया कि युवक की सरकारी नाले के पास हत्या कर शव घसीटते हुए खेत तक लाया गया।

कुछ ही देर में सीओ फतेहपुर जगतराम कनौजिया भी पहुंच गए और परिजनों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, वही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजन किसी रंजिश की जानकारी से इंकार कर रहे। क्षेत्राधिकारी जगतराम ने बताया कि युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई है। हर पहलू की जांच की जा रही। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

तीन बहनों के इकलौते भाई की हत्या से तो परिजन टूटे ही वहीं घर में शादी को लेकर छाया खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। बता दें कि मृतक मिथुन की दो बड़ी बहनों का विवाह हो चुका है जबकि आगामी 12 मार्च को सबसे छोटी बहन की शादी होनी वाली थी, जिसकी तैयारियों में पूरा परिवार व्यस्त था और हर तरफ चमकते चेहरे उस तारीख का इंतजार कर रहे थे पर इस अनहोनी का किसी को अंदाजा नहीं था। जिसने भी घटना के बारे में सुना, उसका मुंह खुला का खुला ही रह गया। पास पड़ोसी, नात रिश्तेदार तक हैरत जताते रहे। इस कदर बेरहमी से हत्या को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना रहा।

संबंधित समाचार