लखनऊ की बेटी अनुश्री का लंदन में धमाल... वन्यजीव संरक्षण पर बनी डॉक्यूमेंट्री को मिला अंतरराष्ट्रीय 'बेस्ट डॉक्यूमेंट्री' अवॉर्ड
लखनऊ, अमृत विचार: शहर की बेटी अनुश्री शुक्ला ने लंदन में फिल्म प्रोडक्शन के क्षेत्र में अलग पहचान बना रही हैं। हाल ही में मुंबई में इंटरनेशनल ''बॉलीवुड फिल्म फेस्टिवल'' में उन्हें उत्कृष्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म के लिए बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म पुरस्कार दिया गया है। उत्तर प्रदेश की ओर से नामांकित इस डॉक्यूमेंट्री का विषय इंसान और जंगली जानवरों के बीच बढ़ते संघर्ष पर आधारित है। फिल्म में वन्यजीव संरक्षण के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर सराहना मिली है।
अनुश्री ने इस उपलब्धि का श्रेय वन्यजीव चिकित्सक पिता डॉ. उत्कर्ष शुक्ल को दिया है। उन्होंने कहा कि पिता के मार्गदर्शन में ही वाइल्ड लाइफ की बारीकियों को समझा और इस विषय पर काम करने के लिए प्रेरित हुईं। लखनऊ में प्रारंभिक शिक्षा पूरी कर अनुश्री उच्च शिक्षा के लिए इंग्लैंड चली गईं।वहां उन्होंने फिल्म प्रोडक्शन के क्षेत्र में अपने कदम मजबूत किए। अनुश्री ने कहा कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले सम्मान ने न केवल उत्साह को दोगुना किया बल्कि नए आयामों पर काम करने की प्रेरणा भी मिली। लंदन में व्यस्तता के बावजूद अनुश्री अपनी जड़ों से जुड़ी हुई हैं। वह लखनऊ आती रहती हैं। उनका कहना है कि यह सम्मान उनके लिए जिम्मेदारी भी है और प्रेरणा भी, जिससे वह भविष्य में और भी प्रेरणादायक और सामाजिक सरोकार से जुड़ी फिल्में बनाने का प्रयास करेंगी।
