JDU में शामिल हुए निशांत कुमार : बिहार की सक्रिय राजनीति में किया पदार्पण, पिता नीतीश को लेकर कही यह बड़ी बात
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सदस्यता ग्रहण की और इसके साथ हीं उनका औपचारिक तौर पर बिहार की सक्रिय राजनीति में पदार्पण हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरफ से निशांत को सक्रिय राजनीति में लाने की मांग तेज हो गई थी।
पिछले तीन दिनों तक पार्टी के अंदर हुई मशक्कत और विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिली सहमति के बाद आज निशांत कुमार ने जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली है। निशांत को जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर पार्टी के शीर्ष नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने उत्साह और उम्मीद के साथ इस समारोह को एक ऐतिहासिक क्षण बना दिया और आशा व्यक्त की कि संसद के उच्च सदन में नीतीश कुमार के जाने के बाद निशांत पार्टी की नई ताकत और ऊर्जा बनेंगे।
जदयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे पार्टी को मजबूत बनाने के लिए अपनी पूरी कोशिश करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले से कार्यकर्ताओं के बीच पैदा हुई निराशा और पीड़ा को कम करने की कोशिश करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है।
निशांत ने कहा कि वह अपने पिता के राज्यसभा जाने के फैसले को स्वीकार करते है। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने पिछले 20 वर्षों में मुख्यमंत्री के रूप में बिहार के विकास के लिए बहुत काम किया है और उनकी कोशिश होगी कि अपने पिता के प्रयासों का प्रचार करें और उसे आगे बढ़ाने की कोशिश करें।
उन्होंने कहा कि वह प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री के रूप में किए गए नीतीश कुमार के कार्यों और उपलब्धियों से अवगत कराएंगे। निशांत ने कहा कि वह नेताओं, कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों के भरोसे पर खरे उतरने की कोशिश करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने पिता पर गर्व महसूस होता है।
प्रदेश पार्टी कार्यालय में इस अवसर का गवाह बनने के लिए जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, विजय कुमार चौधरी, उमेश कुशवाहा और श्रवण कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
