Uttrakhand: खाड़ी देशों में फंसे जनपदवासियों का जुटाया जा रहा ब्योरा
हल्द्वानी, अमृत विचार। ईरान और इजरायल के युद्ध के बीच नैनीताल जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि भारत सरकार की ओर से पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राज्य सरकार ने भी राज्य के उन प्रवासी नागरिकों का विवरण एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू की है, जो वर्तमान में पश्चिम एशिया के देशों में रह रहे हैं।
डीएम रयाल ने कहा कि सचिव राजेन्द्र कुमार ने राज्य के सभी जिलों से ऐसे प्रवासी नागरिकों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं, जो पश्चिम एशिया के देशों में निवास कर रहे हैं। इनमें संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, ईरान, इजरायल, ओमान, लेबनान, इराक, कुवैत और कतर जैसे देश शामिल हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि जिन परिवारों के सदस्य इन देशों में कार्यरत या निवास कर रहे हैं, मौजूदा हालात में भारत लौटना चाहते हैं, वे इसकी सूचना जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। प्रशासन द्वारा एकत्र की गई जानकारी शासन को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रवासी नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए उचित कदम उठाए जा सकें।
इसके लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। संबंधित परिजन टोल फ्री नंबर 1077, दूरभाष नंबर 05942-231179, 231178, 05942-231181 तथा मोबाइल नंबर 8272080884 पर संपर्क कर अपने परिजनों का विवरण उपलब्ध करा सकते हैं।
डीएम ने कहा कि प्रवासी नागरिकों की सुरक्षा और सहायता को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक समन्वय करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
