Bareilly: देहात क्षेत्र की सड़कों पर दौड़ेंगी बसें, परमिट की अनिवार्यता खत्म
बरेली, अमृत विचार। शासन की महत्वाकांक्षी ''मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना 2026'' को धरातल पर उतारने के लिए परिवहन निगम ने कमर कस ली है। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बरेली, बदायूं और पीलीभीत डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को तत्काल जिलाधिकारी से संपर्क कर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक के मुताबिक योजना में ग्रामीण अंचलों और ग्राम पंचायतों के नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा देने के लिए संचालित होने वाले वाहनों को ''परमिट की अनिवार्यता'' से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है। मोटर यान अधिनियम के तहत किए गए इस संशोधन से अब ग्रामीण रूटों पर बसें और अन्य वाहन बिना किसी कानूनी अड़चन के दौड़ सकेंगे। योजना के तहत आवेदन करने की प्रक्रिया 13 से शुरू हो चुकी है, जो 28 मार्च तक चलेगी।
इच्छुक आवेदकों की सहायता के लिए बस स्टेशनों, तहसील और ब्लॉक स्तर पर विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक डिपो स्तर पर दो से तीन कर्मियों की विशेष टीम बनाकर आवेदनों का पंजीकरण किया जाए और आवेदकों को मौके पर ही रसीद उपलब्ध कराई जाए। इसकी रिपोर्ट प्रतिदिन शाम पांच बजे मुख्यालय को भेजी जाएगी। चेताया कि योजना के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
