IPL 2026: इकाना स्टेडियम में सोमवार से अभ्यास करेंगे LSG के खिलाड़ी
लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) के लिए लखनऊ सुपर जाइंट्स (एलएसजी) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। टीम के प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों का राजधानी लखनऊ में आगमन शुरू हो गया है। सोमवार से खिलाड़ी भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में अभ्यास आरम्भ करेंगे।
एलएसजी के वैश्विक क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी और मुख्य प्रशिक्षक जस्टिन लैंगर के निर्देशन में होने वाले इस अभ्यास सत्र में खिलाड़ी आगामी सत्र के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। आईपीएल 2026 सत्र में लखनऊ सुपर जाइंट्स भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी।
ऋषभ पंत के साथ इस सत्र में एडन मार्करम, मिशेल मार्श, मोहम्मद शमी, आवेश खान, अब्दुल समद और अर्जुन तेंदुलकर जैसे कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं। मजबूत बल्लेबाजी और गेंदबाजी संयोजन के कारण लखनऊ सुपर जाइंट्स को इस सत्र का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
टीम प्रबंधन के अनुसार सोमवार से इकाना स्टेडियम में शुरू हो रहे अभ्यास सत्र में खिलाड़ी अपनी क्षमता को और निखारने के लिए एक साथ अभ्यास करेंगे। एलएसजी आईपीएल में अपने अभियान की शुरुआत एक अप्रैल को इकाना स्टेडियम पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी।
