APL T20: गंगा वारियर्स और हिंडन टाइटन की शानदार जीत, अभिषेक और अमित बनें मैन ऑफ द मैच

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार: अयोध्या प्रीमियर लीग (एपीएल) टी-20 के रविवार को खेले गए लीग मुकाबलों में गंगा वारियर्स और हिंडन टाइटन ने शानदार जीत दर्ज कर पूरे अंक हासिल किए। एडीएम गजेंद्र कुमार व आरएसओ वाराणसी विमला सिंह ने अभिषेक और अमित को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया।

डाभासेमर स्थित डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल के क्रिकेट स्टेडियम में पहले मुकाबले में चंबल चार्जर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 120 रन बनाए। टीम की ओर से अमित ने 32, आदित्य ने 27 और अंकुर ने 21 रन का योगदान दिया। हिंडन टाइटन के आकाश, अभिनव और ऋतिक ने तीन-तीन विकेट लेकर चंबल की पारी समेट दी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिंडन टाइटन की टीम ने 18.1 ओवर में चार विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कुशाग्र ने 40 और हर्षित ने 36 रन की अहम पारी खेली। चंबल चार्जर्स की ओर से सौरभ, अभिषेक और विशाल ने एक-एक विकेट लिया।

दूसरे मुकाबले में बेतवा ब्लास्टर्स ने निर्धारित ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाए। राहुल ने 28 जबकि मुरारी और सुधांशु ने 25-25 रन बनाए। गंगा वारियर्स के ध्रुव ने तीन विकेट चटकाए, जबकि विशाल, युवराज, शोएब और अनुज ने दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में गंगा वारियर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 9.4 ओवर में ही दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। शिवम ने 61 और अभिषेक ने 33 रन की बेहतरीन पारी खेली। इस दौरान डीसीए के जिला सचिव उमेर अहमद, आयोजन संयुक्त सचिव बाल किशन निषाद सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार