रुद्रपुर: पुलिस चौकी में पथराव मामले में 33 के खिलाफ मुकदमा, 5 गिरफ्तार
अमृत विचार, रुद्रपुर। सोमवार देर रात रम्पुरा चौकी में पथराव करने वालों आरोपियों में से पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने कुल 8 नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बता दें कि रम्पुरा पुलिस चौकी में सोमवार रात …
अमृत विचार, रुद्रपुर। सोमवार देर रात रम्पुरा चौकी में पथराव करने वालों आरोपियों में से पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने कुल 8 नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बता दें कि रम्पुरा पुलिस चौकी में सोमवार रात 10 बजे आपातकाल नंबर 112 के माध्यम से सूचना आई कि कुछ लोग एक युवक को बुरी तरह पीट रहे हैं। दो पुलिस कर्मी रम्पुरा स्थित काली मंदिर के पास पहुंचे तो पाया कि 15-20 लोग सुजीत कुमार नाम के एक युवक को पीट रहे थे।
पुलिस को देख वे सभी वहां से भाग गये। जिसके बाद पुलिस पीड़ित युवक को चौकी ले आई। कुछ देर बाद उस युवक पर हमला करने कई युवक चौकी आ धमके और पुलिस से उक्त युवक को खुद के हवाले करने की मांग करने लगे। इस दौरान चौकी प्रभारी केजी मठपाल और तीन अन्य पुलिस कर्मियों ने लोगों को समझाते हुए ऐसा करने से मना कर दिया। जिस पर चौकी पहुंचे इन लोगों ने वहां मौजूद सुजीत कुमार पर हमला कर दिया और उसे चौकी से बाहर खींचने लगे।
प्रभारी केजी मठपाल ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को हमलावरों से बचाकर एक कमरे में बंद कर दिया और अपने तीन साथियों के साथ हमलावरों को रोकने का प्रयास करने लगे। जब हमलावरों की नहीं चली तो उन्होंने पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया। इस बीच सूचना पर कोतवाली और अन्य थानों से पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर उपद्रावियों को वहां से खदेड़ा।
घंटों चले इस हंगामे के बाद पुलिस ने 8 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों की तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी। मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि हमलावरों में शामिल पांच आरोपी काली मंदिर के पास खड़े हैं। पुलिस ने मंगलवार सुबह सात बजे पांचों को वहां से गिरफ्तार कर लिया और उन्हें सिडकुल चौकी ले आई। जहां पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रम्पुरा निवासी जितेश,आकाश, अमिल कोली, रवि कोली और सोनू बताया। पुलिस ने पांचों आरोपियों का मेडिकल कराकर विभिन्न धाराओं में जेल भेज दिया है।
