बरेली: सपा में टिकट को शुरू हुए आवेदन, लखनऊ पहुंचे कई दावेदार
महिपाल गंगवार, बरेली। तारीखों के हिसाब में भले ही वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समय बाकी है पर राजनैतिक पार्टियों के हिसाब से वक्त करीब है। लिहाजा, समाजवादी पार्टी ने आगामी विस चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। दो महीने पहले शुरू हुई प्रकिया में एक बार फिर टिकट के …
महिपाल गंगवार, बरेली। तारीखों के हिसाब में भले ही वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समय बाकी है पर राजनैतिक पार्टियों के हिसाब से वक्त करीब है। लिहाजा, समाजवादी पार्टी ने आगामी विस चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। दो महीने पहले शुरू हुई प्रकिया में एक बार फिर टिकट के लिए आवेदन मांगने वालों की संख्या में इजाफा होने की बात कही जा रही है। इधर, नो ड्यूज के फेर से बचने को कुछ नेता टिकट की पैरवी के लिए लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं।
पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक उम्मीदवारों से 26 जनवरी तक आवेदन मांगे गए हैं। अक्टूबर में ही आवेदन लेना शुरू कर दिया गया था। इसके बाद से जनता में सक्रियता के साथ ही पार्टी में सक्रिय रहने वालों की तलाश पार्टी पदाधिकारियों ने शुरू कर दी थी। बताया गया है पार्टी हाईकमान ने विधानसभा के टिकट चाहने वालों के लिए आवेदन पत्र सार्वजनिक कर दिए गए हैं। कोई भी व्यक्ति जो सपा से टिकट चाहता है वह आवेदन कर सकता है।
आवेदन में किस कार्यकर्ता ने सालाना शुल्क जमा किया या नहीं, वह कब से पार्टी में कितना सक्रिय है। यह सब आवेदन पर लिखना होगा। इस पर लखनऊ में विचार होगा। जिलाध्यक्ष अगम मौर्य ने बताया कि उनके स्तर से लगातार नो ड्यूज दिए जा रहे हैं। फरीदपुर, मीरगंज, आंवला और बिथरीचैनपुर में कई कार्यकर्ताओं को बिना भेदभाव नो ड्यूज दिया जा चुका है। इधर, बीते कई दिनों से पार्टी के कुछ नेता व पदाधिकारी लखनऊ से पार्टी हाईकमान से संपर्क साधने में जुटे हैं। वहीं से सीधे टिकट के लिए पैरवी कराने की कोशिश जारी है मगर वहां से उनको नो ड्यूज के लिए वापस ही भेज दिया जा रहा है।
सक्रिय सदस्य ही कर सकते हैं आवेदन
महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी का कहना है कि आवेदक को सपा का सक्रिय सदस्य एवं समाजवादी बुलेटिन का आजीवन सदस्य होना जरूरी है। बताया कि निर्धारित छपे हुए आवेदन पत्र पर ही आवेदन किया जा सकता है। यह आवेदन पत्र पार्टी के जिला कार्यालय में उपलब्ध है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य नरेश उत्तम पटेल द्वारा भेजे गए पत्र में आवेदन पत्र पार्टी के प्रदेश कार्यालय लखनऊ में 26 जनवरी 2021 तक जमा किए जाएंगे।
पंचायत चुनावों पर भी नजर
विधानसभा चुनाव के साथ ही सपा की नजर आने वाले पंचायत चुनावों पर भी है। अब तक पंचायत चुनावों में सपा का प्रदर्शन बेहतर रहा है लेकिन जिस तरह से सियासत ने करवट ली है इसका अंदाजा पार्टी को भी है। पंचायत चुनाव को यूपी के विधानसभा चुनावों का ट्रेलर भी कहा जा रहा है। यही वजह है कि सपा इसे गंभीरता से ले रही है।
