प्रयागराज के हार्ट केयर हॉस्पिटल में हंगामा, ऑपरेशन के दौरान एक मरीज की मौत, लापरवाही का आरोप 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सरस्वती हार्ट केयर हॉस्पिटल में रविवार देर रात ऑपरेशन के दौरान एक मरीज की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनी के एडीए कॉलोनी निवासी जुनैद अपनी मां बानो बेगम को अपने भांजे आयान के साथ इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। 

परिजनों का कहना है कि अस्पताल में मरीज की ब्लड जांच की गई, जिसमें सभी रिपोर्ट सामान्य बताई गईं। इसके बाद डॉक्टरों ने एंजियोग्राफी कर तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी।

मृतका के बेटे जुनैद ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने मरीज की हालत गंभीर बताकर उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने से मना किया और जल्दबाजी में ऑपरेशन कर दिया। उनका कहना है कि ऑपरेशन के बाद उनकी मां की मृत्यु हो गई। 

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि वे इलाज के लिए डॉ. डी. के. अग्रवाल को दिखाने आए थे, लेकिन ऑपरेशन उनके पुत्र डॉ. ऋषभ अग्रवाल द्वारा किया गया। उनका कहना है कि मरीज की स्थिति पहले सामान्य थी और इलाज में लापरवाही के कारण ही मौत हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

ये भी पढ़ें  : 
योगी सरकार ने किसानों को दी बड़ी राहत, गेहूं खरीद पर बढ़ायी MSP, सोलर सिटी और कोल ब्लॉक खरीद को मंजूरी

संबंधित समाचार