लखनऊ में महापौर का सख्त एक्शन: केंद्रीय कार्यशाला के दो मंजिला भवनों पर चलाया बुलडोजर, मुख्य अभियंता का ऑफिस भी ढहाया
लखनऊ, अमृत विचार : महापौर सुषमा खर्कवाल ने सोमवार को गोमती नगर स्थित निर्माणाधीन नगर निगम मुख्यालय के कार्यों का जायजा लिया। केंद्रीय कार्यशाला के भवनों को खाली न कराये जाने पर उन्होंने मुख्य अभियंता आरआर मनोज प्रभात पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही भवन खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कराईऔर नगर आयुक्त के सामने ही अधिकारियों से भवनों पर बुलडोजर चलवा दिया। महापौर ने मलबे और तत्काल हटाने के भी निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि केंद्रीय कार्यशाला के पीछे की ओर बने दो मंजिला भवन की स्थिति अच्छी होने के बाद भी इसे तोड़ दिया गया। मुख्य अभियंता का कार्यालय इस बिल्डिंग में ही शिफ्ट किया गया था। मुख्य गेट के पास स्थित दो मंजिला भवन की स्थिति भी अच्छी थी। इस बिल्डिंग को भी तोड़ दिये जाने से कर्मचारी दबी जुबान में इसे धन की बर्बादी बता रहे हैं। कर्मचारी कह रहे हैं कि नगर निगम मुख्यालय बनवाने की महापौर को आखिर इतनी जल्दी क्यों है
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, चीफ इंजीनियर आरआर मनोज प्रभात सहित नगर निगम एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
