UPSIDA की बड़ी पहल: 8 नई वेयरहाउसिंग-लॉजिस्टिक्स परियोजनाओं को मंजूरी, 800 करोड़ का निवेश आएगा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ते हुए उप्र. राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने आठ नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनमें करीब 800 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है।

सरकार की उप्र. वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स नीति-2022 के तहत निवेशकों को निजी भूमि पर लॉजिस्टिक्स और भंडारण इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन, वित्तीय सहायता और कर छूट दी जा रही है। इसी के चलते इस सेक्टर में निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। नई स्वीकृत परियोजनाओं में 5 साइलो, 2 वेयरहाउसिंग और एक लॉजिस्टिक्स प्रोजेक्ट शामिल हैं, जो उन्नाव, औरैया, बलरामपुर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर, लखनऊ, गौतम बुद्ध नगर और हापुड़ जैसे जिलों में स्थापित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के तहत करीब 110 एकड़ क्षेत्र में विकास होगा, जिससे प्रदेश की कृषि और औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलेगी।

इन आठ परियोजनाओं के साथ ही अब तक यूपीसीडा द्वारा कुल 61 परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है, जिनमें ₹12,900 करोड़ से अधिक निवेश प्रस्तावित है। ये परियोजनाएं लगभग 810 एकड़ भूमि पर विकसित होंगी। इससे अनाज के सुरक्षित भंडारण की क्षमता बढ़ेगी, किसानों को बेहतर स्टोरेज सुविधाएं मिलेंगी और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क अधिक सुदृढ़ होगा।

सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब बनाना है। इसके लिए मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स हब, कोल्ड चेन, साइलो और वितरण केंद्रों के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बेहतर बनाकर निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है।

संबंधित समाचार