बाराबंकी : योजनाओं की प्रगति से असंतुष्ट दिखे सांसद, दिशा की बैठक से तीन अधिकारी रहे गायब

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। डीआरडीए स्थित गांधी सभागार में शनिवार को सांसद तनुज पुनिया की अध्यक्षता और अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद की सह-अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई। इस दौरान सांसद तनुज ने योजनाओं की प्रगति व धरातल की हकीकत पर असंतोष जताया। वहीं इस बैठक से गायब तीन अधिकारियों से जवाब तलब किया गया।

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। सांसद तनुज ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिला अस्पताल, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं अनावश्यक बाहरी दवाएं लिखने पर रोक लगाने को भी कहा गया। 

मनरेगा के तहत समय से भुगतान सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लंबित आवासों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने के लिए कहा गया। जनप्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पेयजल परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाई, जिस पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण पेयजल, फसल बीमा, उज्ज्वला योजना, खाद्य सुरक्षा समेत कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई। अंत में सांसद तनुज ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। 

बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर नल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता, डाकघर अधीक्षक और सहायक श्रम आयुक्त से स्पष्टीकरण तलब किया गया। इस दौरान एमएलसी अंगद सिंह, विधायक धर्मराज सिंह यादव, गौरव रावत, दिनेश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार