UP: हाथ-पैर बांधने के बाद मजदूर की गला रेतकर हत्या, घर में चारपाई पर पड़ा मिला शव
अमरोहा, अमृत विचार। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपलौती कला में घर के आंगन में चारपाई पर सो रहे मजदूर की शनिवार रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उसका शव हाथ-पैर बंधी हालत में चारपाई पर पड़ा मिला। पिता ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे की हत्या पुत्रवधू ने ही कराई है। मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में लगी है। पुलिस को पता लगा है कि दो दिन पूर्व मजदूर का पत्नी से विवाद हुआ था। शव पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक 27 वर्षीय महराज पुत्र शौकीन चौधरी दिल्ली में मेहनत मजदूरी करता था। ईद पर वह घर लौटा था। शनिवार रात वह बीच गांव स्थित घर के आंगन में चारपाई डालकर सो गया। बराबर की चारपाई पर पत्नी रूही व सात व चार साल के बेटे सो रहे थे। पिता शौकीन का कहना है कि रविवार सुबह वह महराज के घर पहुंचा तो उसकी चारपाई के नीचे खून पड़ा हुआ था। लिहाफ हटाकर देखा तो महराज के हाथ-पैर बंधे हुए थे और गला रेता हुआ था। शौकीन ने बताया कि उसकी चीख निकल गई। हैरत की बात यह रही कि महराज की पत्नी रूही उस वक्त भी चारपाई पर आराम से सो रही थी।
जब उसने चीख पुकार मचाई तो रूही उठी। परिवार व गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। खबर लगते ही कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। शौकीन ने महाराज की पत्नी रूही पर हत्या कराने का शक जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 2 दिन पूर्व महराज का पत्नी रूही से विवाद हुआ था। पुलिस भी महराज की पत्नी रूही की भूमिका संदिग्ध मान रही है। हालांकि, रूही ने पुलिस को बताया है कि आधी रात कोई आया था और उसे बेहोश कर दिया।
इसके बाद क्या हुआ, उसे पता नहीं। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि हाथ-पैर बांधने के बाद गला रेतकर महराज की हत्या की गई है। शव पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक घटनाक्रम से जुड़े क्लू हाथ लगे हैं, जल्द खुलासा किया जाएगा। बताया जा रहा है कि महराज की शादी करीब 8 वर्ष पूर्व सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव ढक्का निवासी रूही से हुई थी।
