शाहजहांपुर: आसाराम का बैनर लगा सत्संग करने के मामले की डीआईजी जेल करेंगे जांच
शाहजहांपुर,अमृत विचार। जिला जेल में शहर की बेटी से दुष्कर्म के दोषी आसाराम का फोटोयुक्त बैनर लगाकर सत्संग कराने और बंदियों को कंबल और किताबें बांटने का मामला तूल पकड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजी जेल आनंद कुमार ने जांच के आदेश दिए है। मामले की जांच डीआईजी जेल आरएन पांडेय …
शाहजहांपुर,अमृत विचार। जिला जेल में शहर की बेटी से दुष्कर्म के दोषी आसाराम का फोटोयुक्त बैनर लगाकर सत्संग कराने और बंदियों को कंबल और किताबें बांटने का मामला तूल पकड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजी जेल आनंद कुमार ने जांच के आदेश दिए है। मामले की जांच डीआईजी जेल आरएन पांडेय को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने भी जेल अधीक्षक राकेश कुमार से जवाब तलब किया है। साथ ही जेल अधीक्षक के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद ने प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
शहर की बिटिया से दुष्कर्म के मामले में गवाह कृपाल सिंह की हत्या के मामले में नारायण पांडेय उर्फ पुष्पेंद्र व अर्जुन जिला जेल में बंद रहे थे। वे जमानत पर रिहा हुए थे। जेल अधीक्षक के मुताबिक नारायण पांडेय ने करीब सात माह पहले जेल से जाते समय बंदियों को कंबल बांटने की इच्छा जताई थी। सोमवार को जेल में अधिकारियों के सामने आसाराम की फोटो लगा बैनर लगाकर सत्संग किया और पुस्तकें व कंबल बांटे गए। जेल प्रशासन की ओर से मीडिया के लिए प्रेस नोट भी जारी किया गया। आसाराम के गुर्गों ने बंदियों के सामने आशाराम का गुणगान भी किया।
मामला संज्ञान में आने पर मंगलवार को डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने जेल अधीक्षक राकेश कुमार से तलब किया था। बुधवार को डीजी जेल आनंद कुमार ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। इसकी जांच डीआईजी जेल आरएन पांडेय को सौंपी गई। जांच से जेल अधीक्षक की मुसीबत बढ़ गई है। जांच के बाद कार्रवाई भी हो सकती है।
विहिप परिषद हुई मुखर
जेल में आसाराम का महिमांडन के विरोध में विश्व हिंदू परिषद ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विहिप के जिला मंत्री राजेश अवस्थी ने जेल अधीक्षक को दुष्कर्मी आसाराम का अनुयायी बताया। उन्होंने कहा कि उच्च पद पर बैठे अधिकारी को इस प्रकार का कृत्य करना शोभा नहीं देता है। आसाराम दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहा है। इसके बाद भी जेल अधीक्षक ने जेल में उसकी तस्वीर लगाकर गुणगान करवाया व पुस्तिकाएं व कंबल बांटें। मामले में जेल अधीक्षक को निलंबित किया जाए। अगर कार्रवाई नहीं की गई तो परिषद की ओर से आंदोलन कर जेल का घेराव किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में विहिप के अन्य पदाधिकारी भी शामिल रहे।
