Uttrakhand: नैनीताल में पेट्रोल-डीजल की किल्लत, दिनभर में 200 रुपये तक ही सीमित रही बिक्री

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

नैनीताल, अमृत विचार। शहर में गैस सिलेंडर की कमी के बाद अब पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति भी प्रभावित होने लगी है। सोमवार को तेल की किल्लत के चलते तल्लीताल पेट्रोल पंप पर लोगों को केवल दो सौ रुपये तक का ही पेट्रोल-डीजल दिया गया, जिससे दिनभर परेशानी बनी रही। बताया जा रहा है कि सूखताल स्थित पेट्रोल पंप पर बीते शुक्रवार से मशीन की मरम्मत का कार्य चल रहा है, जिसके कारण वह बंद है। ऐसे में शहर में फिलहाल तल्लीताल पेट्रोल पंप ही एकमात्र विकल्प बचा है। सीमित स्टॉक के चलते पंप पर भारी भीड़ देखने को मिली।

स्थिति यह रही कि दोपहर करीब 1 बजे से 2 बजे तक पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया और आपूर्ति बंद करनी पड़ी। बाद में दोपहर 2 बजे टैंकर पहुंचने के बाद फिर से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति शुरू की गई। पेट्रोल पंप संचालक देवकीनंदन तिवारी ने बताया कि सीमित स्टॉक के कारण व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी ग्राहकों को दो सौ रुपये तक का ही तेल दिया गया। टैंकर पहुंचने के बाद अब आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।

गैस संकट भी बरकरार, 335 सिलेंडर वितरित
नैनीताल। शहर में गैस की किल्लत लगातार बनी हुई है, जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को गैस वितरण के दौरान उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग सुबह आठ बजे से ही गैस एजेंसियों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लग गए। शहर में कुल 400 उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई थी, जिनमें से 335 उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सका। गैस एजेंसी की मैनेजर अंकिता पांडे के अनुसार, रोटेशन के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में सिलेंडरों का वितरण किया गया। स्टोन ले में 30, गेठिया में 50, तल्लीताल धर्मशाला में 70, बोरा प्वाइंट में 45, डीएसए मैदान में 80 और तल्लीताल शेरवानी क्षेत्र में 50 सिलेंडर वितरित किए गए।

संबंधित समाचार