बरेली: अमेरिकन कंपनी ने शुरू किया आई ट्रिपल सी का कार्य, मई तक होगा पूरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। 180 करोड़ रुपये के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना के लिए नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन भवन की चौथी मंजिल को कार्यदायी संस्था ने हनीवेल कंपनी को सौंप दिया है। कंपनी और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के जिम्मेदार अधिकारियों ने बुधवार को पूजा-अर्चना कर काम शुरू …

अमृत विचार, बरेली। 180 करोड़ रुपये के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना के लिए नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन भवन की चौथी मंजिल को कार्यदायी संस्था ने हनीवेल कंपनी को सौंप दिया है। कंपनी और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के जिम्मेदार अधिकारियों ने बुधवार को पूजा-अर्चना कर काम शुरू कराया। इसे मई तक पूरा किया जाना है। इसी भवन में स्थापित होने वाले आई ट्रिपल सी से शहर की निगरानी की जाएगी।

नगर निगम के निर्माणाधीन भवन में स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट आई ट्रिपल सी के कार्यालय में अब उपकरण आदि लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्माणाधीन भवन की चौथी मंजिल पर आई ट्रिपल सी के लिए सेंटर तैयार किया जा रहा है। कंट्रोल रूम और नगर निगम का प्रवेश द्वार अलग होगा। इसके लिए लिफ्ट की व्यवस्था होगी।

आई ट्रिपल सी प्रोजेक्ट का कार्य अमेरिका की हनीवेल कंपनी को दिया गया है। इसके तहत 800 सीसीटीवी कैमरों से शहर की निगरानी होगी। इससे शहर में आने जाने वाहनों का लाइव डाटा तैयार किया जाएगा जिससे यह पता चल सकेगा कि किस दिन शहर में वाहनों का आना अधिक होता है। इसके आधार पर बाईपास की व्यवस्था की जाएगी। इसके जरिए रूट का डिजाइन तैयार किया जाएगा। सेंटर से ही यह व्यवस्था होगी कि जिन मार्गों पर भीड़ दिखेगी वहां ट्रैफिक कंट्रोल के लिए सिग्नल को हरा, लाल, पीला कर दिया जाएगा। इस दौरान हनीवेल के प्रोजेक्ट मैनेजर आदर्श उपाध्याय, आशीष उपाध्याय, स्मार्ट सिटी लिमिटेड के विवेक श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

आई ट्रिपल सी प्रोजेक्ट एक नजर में

180 करोड़ रुपये के बजट से होगा काम
800 सीसीटीवी लगेंगे शहर में
25 प्रमुख चौराहों पर साउंड सिस्टम लगेंगे

अपराधियों तक पहुंचने में होगी आसानी

सड़क पर होने वाली सारी गतिविधियां 800 कैमरों में कैद होंगी। इसका डाटा वीडियो सहित तीन माह तक स्टोर होगा। इससे कोई भी वारदात होने पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में सफल हो सकेगी। इससे वाहन चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लग सकेगा।

भीड़ देखकर सिग्नल होगा हरा, लाल

कंट्रोल सेंटर से लाइव वीडियो देखकर जरूरी सेवाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी। एक तरह से कमांड सेंटर शहर प्रबंधन का केंद्र होगा जो नए भवन में तैयार किया जा रहा है। इसके माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान होगा। इसमें ट्रैफिक प्रबंधन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, पुलिस ट्रैकिंग सिस्टम, ग्रीन भवन, पैदल मार्ग, एकीकृत शहरी विकास, जीआईएस मैपिंग, मौसम के बारे में जानकारी, डिजास्टर, परिवहन के सुचारू रूप से प्रबंध की सुविधा होगी।

संबंधित समाचार