Moradabad: कुंदरकी में शार्ट सर्किट से रुई गोदाम में भयंकर आग, घंटों बाद पाया काबू
कुंदरकी, अमृत विचार। नगर के एक रुई गोदाम में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग पर छह दमकलों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
थाना क्षेत्र के चकफजलपुर रोड पर खुब्जा इंटर प्राइसेज के रुई गोदाम में किसी कारण से आग लग गई। गोदाम में अधिक मात्रा में ज्वलनशील रुई भरी होने से लपटें तेजी से फैलने लगीं, आसपास अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में रुई से लिहाफ और गद्दे बनते थे। आग की भयानक लपटें ऊंची उठीं, काला धुआं दूर तक फैला। स्थानीयों ने फौरन दमकल और पुलिस को खबर दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां पहुंचीं, संभल-अमरोहा से दो अतिरिक्त दमकलें बुलाई गईं।
दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आसपास के गोदामों और आबादी को बचाया। फायर ब्रिगेड सीएफओ राजीव कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर ज्ञान प्रकाश शर्मा और थानाध्यक्ष जसपाल सिंह ने मौके पर राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने भीड़ को भी दूर रहने के लिए सजग किया। आग से तैयार-कच्चा माल जलकर राख हो गया। लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। किसी जनहानि की खबर नहीं है। सीएफओ राजीव कुमार पांडेय ने बताया आग शॉर्ट सर्किट से लगी है, ऐसा प्रारंभिक जांच से पता चला है। पुलिस-फायर टीम विस्तृत जांच में जुटी है।
