Bareilly: इंडस्ट्रियल टाउनशिप के लिए बीडीए और एमएसएमई के बीच एमओयू
बरेली, अमृत विचार। बरेली के औद्योगिक परिदृश्य को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए बीडीए ने एक बड़ा दांव खेला है। रहपुरा जागीर सहित चार गांवों में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल टाउनशिप को धरातल पर उतारने के लिए बीडीए ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसई) विभाग के साथ हाथ मिलाया है। प्राधिकरण का दावा है कि इससे यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल रफ्तार पकड़ेगी, बल्कि उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ और रियायती दरों पर भूखंड भी उपलब्ध हो सकेंगे।
इस अनुबंध का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि बीडीए को सरकारी भूमि क्रय करने के लिए अतिरिक्त कोष खर्च नहीं करना पड़ेगा, साथ ही केंद्र सरकार की विशेष योजना के तहत प्रति एकड़ एक करोड़ रुपये की भारी-भरकम सब्सिडी का मार्ग भी प्रशस्त हो गया है। टाउनशिप के विकास के लिए बीडीए करीब 126.30 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण करने जा रहा है, जिसके लिए भिटौरा नौगवां, चिटौली, रहपुरा जागीर और रसूला चौधरी के लगभग 600 किसान रजामंदी दे चुके हैं।
किसानों को वर्तमान सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा देकर भूमि क्रय करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. के अनुसार, परियोजना को लेकर उद्यमियों में जबरदस्त उत्साह है, पिछले वर्ष के डिमांड सर्वे में ही 760 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इसमें 750 से लेकर दस हजार वर्गमीटर तक के विभिन्न आकार के भूखंड सृजित किए जाएंगे, ताकि छोटे उद्यमियों से लेकर बड़े औद्योगिक घरानों तक की जरूरतों को पूरा किया जा सके।
ग्लोबल इन्वेस्टर हब के रूप में उभरेगी ''इंडस्ट्रियल टाउनशिप''
बरेली की यह इंडस्ट्रियल टाउनशिप स्थानीय उद्योगों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे एक ग्लोबल इन्वेस्टर हब के रूप में तैयार किया जा रहा है। बीडीए ने यहां ''प्लग एंड प्ले'' सुविधाओं के साथ बहुराष्ट्रीय कंपनियों और दूसरे राज्यों के बड़े औद्योगिक घरानों के लिए रेड कारपेट बिछाने की तैयारी की है। वेयरहाउसिंग और भव्य ट्रांसपोर्ट नगर के साथ-साथ यहां फाइव-स्टार होटल, बिजनेस लाउंज और अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर विकसित किए जाएंगे। दावा किया जा रहा है कि बुनियादी सुविधाओं का यह विश्वस्तरीय ढांचा बरेली को देश के प्रमुख औद्योगिक मानचित्र पर स्थापित करेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर कुशल रोजगार पैदा होंगे।
