UP: दो दिन से हो रही बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिंता, गेहूं की फसल पर मंडराया संकट

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल/ओबरी। जिले में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद बुधवार को भी दोपहर में अचानक मौसम ने करवट ली और घने बादलों के साथ फिर से बारिश शुरू हो गई। लगातार दूसरे दिन हुई बारिश से खेतों में खड़ी और कटी पड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

मंगलवार को हुई बारिश के बाद किसान सुबह से ही खेतों में भीगी गेहूं की फसल को सुखाने में जुटे हुए थे। कई किसान फसल को पलट-पलट कर धूप में सुखाने की कोशिश कर रहे थे, ताकि नुकसान कम से कम हो सके। लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम बदलने और फिर से बारिश शुरू होने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। बारिश के चलते जनपद में गेहूं की कटाई, मड़ाई और मंडियों तक फसल की निकासी का काम भी पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई जगह खेतों में पानी भरने से फसल खराब होने का खतरा और बढ़ गया है। 

किसान अपनी उपज को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में भी असमर्थ नजर आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि अगर केवल एक दिन की बारिश होती तो स्थिति संभाली जा सकती थी, लेकिन लगातार दूसरे दिन हुई बारिश से नुकसान की आशंका कई गुना बढ़ गई है। उनका कहना है कि अब गेहूं में नमी बढ़ने से दाने की गुणवत्ता प्रभावित होगी और दाना काला पड़ने का खतरा भी बढ़ गया है। किसानों ने आशंका जताई कि यदि गुरुवार और उसके बाद भी मौसम इसी तरह बना रहा, तो गेहूं की फसल को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। किसान मौसम साफ होने की उम्मीद के साथ अपनी फसल को बचाने के प्रयास में जुटे हैं, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने उनकी चिंता और परेशानी दोनों बढ़ा दी हैं।

 

संबंधित समाचार