शादी के तुरंत बाद काम पर लौटी कृतिका कामरा, बोलीं-शूटिंग पर वापस जाना भी मेरे लिए खास
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कृतिका कामरा ने शादी के बाद काम पर वापसी कर ली है। कृतिका कामरा ने अपनी शादी के तुरंत बाद फिर से काम शुरू कर दिया है और पूरी तरह से अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स में जुट गई हैं। शादी के बाद उन्होंने थोड़ा सा ब्रेक लिया, लेकिन अब वह अपनी आने वाली सीरीज़ मटका किंग के प्रमोशन और साथ ही अपने नए प्रोजेक्ट की शूटिंग में व्यस्त हैं।
शादी के बाद कृतिका और उनके पति गौरव कपूर ने गोवा में तीन-चार दिन का छोटा सा ब्रेक लिया था, लेकिन दोनों के बिज़ी शेड्यूल के कारण वे जल्दी ही अपने-अपने काम पर वापस लौट आए। जहां गौरव आईपीएल के चलते अपने काम में लग गए, वहीं कृतिका भी तुरंत अपने प्रमोशन्स और शूटिंग में जुट गईं। करीबी सूत्रों के अनुसार ,कृतिका अपने समय को बहुत अच्छे से मैनेज कर रही हैं और मटका किंग के प्रमोशन के साथ-साथ अपनी फिल्म की शूटिंग भी कर रही हैं।
उनका यह कमिटमेंट उनके काम के प्रति उनके जुनून को दिखाता है। कृतिका कामरा ने कहा,"यह मेरे लिए बहुत खूबसूरत और खास समय था, लेकिन मैंने पहले से ही तय किया था कि मैं शादी से पहले और बाद में ज्यादा लंबा ब्रेक नहीं लूंगी। मैं और गौरव दोनों फिर से अपने काम पर वापस आ गए हैं और नई एनर्जी के साथ काम कर रहे हैं। मैं मटका किंग को लेकर बहुत एक्साइटेड हूं और अपनी फिल्म की शूटिंग पर वापस जाना भी मेरे लिए खास है, जिसके लिए मैं ट्रेनिंग कर रही हूं। आगे काफी काम है, लेकिन मुझे यही पसंद है।
