बाराबंकी : एमएलसी अंगद सिंह पर टिप्पणी से हंगामा, युवक अरेस्ट
बाराबंकी, अमृत विचार। एमएलसी अंगद सिंह की एक फेसबुक पोस्ट पर तल्ख टिप्पणी के बाद एक युवक की गिरफ्तारी बड़ा मुद्दा बन गया। एक ओर इस युवक जिसे भाजपा कार्यकर्ता भी बताया जा रहा, के चालान के बाद देर शाम आपाधापी के बाद जमानत मंजूर की गई, वहीं इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर वाकयुद्ध छिड़ गया है। समर्थन में वकीलों ने प्रदर्शन भी किया।
बताते चलें कि कुछ दिन पहले एमएलसी अंगद सिंह ने परिवार समेत फेसबुक पर एक पोस्ट डाली। जिसको लेकर राजा दुबे नामक युवक ने सोशल मीडिया पर ही टिप्पणी की, उसका कहना था कि भारत माता का जयकारा लगाते समय उनका पुत्र शांत खड़ा रहा, मां के इशारा करने पर उसने जय करते हुए हाथ उठाया। राजा दुबे ने इसे संस्कार से जोड़ते हुए काफी तल्ख टिप्पणियां कीं।
मामला शांत ही था लेकिन बुधवार शाम को अचानक उबाल आ गया, फेसबुक यूजर राजा दुबे को अचानक शहर कोतवाली पुलिस ने हिरासत में लिया और एफआईआर दर्ज करने के बाद शांतिभंग की धारा में चालान कर गुरुवार को एसडीएम कोर्ट पर पेश किया। हालांकि जमानत अचानक निरस्त करने की चर्चा शुरू हो गई। जिसकी भनक वकीलों काे लगी तो उन्होने राजा दुबे के समर्थन में विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया।
इस बीच मामले को लेकर राजा दुबे के समर्थन में फेसबुक पर वाकयुद्ध शुरु हो गया। तमाम यूजर्स ने राजा दुबे की गिरफ्तारी के लिए एमएलसी को जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर ट्रोल किया। इस बारे में एमएलसी से बात करने का प्रयास किया गया पर उनकी ओर से गांव चौपाल में व्यस्त होने की बात कही गई। काफी आपाधापी के बीच देर शाम राजा दुबे की जमानत मंजूर कर ली गई।
